बिहार
कर्ज की एवज में महाजन ने कहा- मेरे साथ संबंध बनाओ, दर्ज कराई शिकायत
By Deshwani | Publish Date: 12/6/2017 6:42:45 PMगया। देशवाणी न्यूज नेटवर्क
गया जिले के शेरघाटी के पइनी गांव की विवाहिता को कर्ज लेकर छठ पूजा करना महंगा पड़ गया। कर्ज की राशि चुकाने के बाद भी महाजन और पैसे की मांग कर रहा है। वह फोन पर शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव बना रहा था। तंग आकर विवाहिता ने उसकी बातों को मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया और थाना पहुंच गई।
पीड़िता ने पुलिस को दिए आवेदन में कहा कि छठ पूजा के समय उसने अनंतपुर निवासी भीम सिंह से 4 हजार रुपए कर्ज लिया था। कुछ दिनों बाद उसने चार हजार रुपए मूल कर्ज के साथ एक हजार रुपए सूद भी अदा कर दिए, लेकिन सूदखोर ने फोन पर कहा कि अभी सात हजार और बाकी हैं। इसके बाद फोन पर वह अश्लील बातें करने लगा। उसने पैसे छोड़ देने के एवज में शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया। मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर महिला ने सारी बातों से अपनी पति को अवगत कराया और साक्ष्य जुटाने के लिए सूदखोर के साथ हुई बात को अपने फोन में रिकॉर्ड कर लिया। शिकायत के बाद इमामगंज पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।