मनोरंजन
सुनील ग्रोवर ''भारत'' में करना चाहते हैं प्रियंका चोपड़ा का रोल
By Deshwani | Publish Date: 29/7/2018 2:44:41 PM नई दिल्ली। 'भारत' फिल्म से प्रियंका चोपड़ा के बाहर हो जाने के बाद कॉमेडियन सुनील ग्रोवर ने फिल्म में प्रियंका चोपड़ा का रोल करने की इच्छा जताई है। फिल्म के निदेशक अली अब्बास जाफर ने एक ट्विट किया था कि जल्द ही वो फिल्म के लिए सलमान खान के साथ मुख्य अभिनेत्री के नाम की घोषणा करेंगे। उन्होंने कुछ दिन पहले जानकारी दी थी कि प्रियंका चोपड़ा उनके इस प्रोजेक्टर में काम नहीं कर रही हैं। फिल्म के निदेशक के इस ट्विट के बाद सुनील ग्रोवर ने एक वीडियो जारी किया जिसमें वो इस फिल्म में प्रियंका का रोल करने की इच्छा जता रहे हैं।
सुनील ग्रोवर की ओर से ट्विटर पर डाले गए इस वीडियो को अब तक 78 हजार से अधिक लोग देख चुके हैं। उन्होंने अपने वीडियो के नीचे लिखा है 'एप्लीकेशन फॉर द वेकेंसी फॉर नेंसी'। ये वीडियो काफी गुदगुदाने वाला है। सुनील के इस वीडियो को देखने के बाद 'भारत' फिल्म के निदेशक अली अब्बास जाफर भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए। उन्होंने ट्विट कर के लिखा कि आप बिलकुल क्रेजी हैं आप हमेशा ऐसी ही बने रहिए। गौरतलब है कि ग्रोवर पहले ही 'भारत' फिल्म का हिस्सा हैं।
फिल्म 'भारत' सलमान खान और अली अब्बास जफर दोनों की ड्रीम फिल्मों में से एक है। 'भारत' साउथ कोरियन फिल्म 'ओड टू माई फादर' का हिन्दी रीमेक होगा। फिल्म 'ओड टू माई फादर' में 1950 से लेकर 2014 तक के समय को एक आम नागरिक के नजरिए से बड़े परदे पर पेश किया गया था। फिल्म 'भारत' में भी कुछ ऐसा ही दिखाया जायेगा, जिसमें सलमान खान के किरदार के माध्यम से आजादी के बाद से लेकर अब तक का समय बड़े परदे पर दिखाया जायेगा। आपको बता दें कि फिल्म का एलान जब से हुआ है, तभी से फिल्म के लिए स्टारकास्ट का सिलसिला जारी है। फिल्म के लिए अब तक दिशा पटानी, प्रियंका चोपड़ा, तब्बू और सुनील ग्रोवर को साइन किया जा चुका हैं। फिल्म की संभावित रिलीज डेट 5 जून 2019 हो सकती है।