मनोरंजन
सलमान को मारने की साजिश रच रहा था गैंगस्टर, गिरफ्तार
By Deshwani | Publish Date: 10/6/2018 1:19:52 PMनई दिल्ली। फिल्म अभिनेता सलमान खान को जान से मारने की साजिश का पर्दाफाश हुआ है और इसका खुलासा बिश्नोई गैंग के शार्प शूटर संपत नेहरा ने पुलिस की पूछताछ में किया है। सजिश को सफल बनाने के लिए नेहरा ने सलमान के घर की रेकी भी की थी। हरियाणा पुलिस की एसटीएफ बीते 6 जून को हैदराबाद से संपत नेहरा को गिरफ्तार किया। संपत नेहरा पर 2 लाख का इनाम है और वह बिश्नोई गैंग से ताल्लुक रखता है। एसटीएफ 11 जून को ट्रांजिट रिमांड पर नेहरा को हैदराबाद से लेकर हरियाणा पहुंचेगी। उल्लेखनीय है कि राजस्थान के गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने बीते 6 जनवरी को खुलेआम सलमान खान को जान से मारने की धमकी दी थी। सलमान के लिए बिश्नोई की मौत की धमकी 1998 के काले हिरण हत्या मामले से जुड़ी हुई है, जिसमें सलमान खान दोषी हैं।
हरियाणा एसटीएफ नेहरा को हैदराबाद की अदालत में पेश कर 5 दिन की रिमांड पर लाई है। एसटीएफ ने गिरफ्तार कर हैदराबाद में केस दर्ज कराया। टीम ने अगले दिन 7 जून को वहीं की अदालत में आरोपी संपत नेहरा को पेश किया और फिर रिमांड पर ले लिया। संपत पर कुल एक लाख का इनाम घोषित है, जिसमें से पंचकूला में 50 हजार और राजस्थान में भी इतनी ही राशि का इनाम है। नेहरा पर हत्या, हत्या की कोशिश, लूट, फिरौती सहित दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। कहा जाता है कि नेहरा ने छात्र राजनीति के जरिए अपराध की दुनिया में कदम रखा और लॉरेंस बिश्नोई की गैंग में शामिल हुआ।
लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के शार्प शूटर संपत नेहरा ने एसटीएफ को बताया कि उसने सलमान को उनके घर के बालकनी में मारने की योजना बनाई थी। इसके लिए उसने दो दिन तक सलमान के घर की रेकी भी की। नेहरा ने बताया, 'सलमान आमतौर पर दिन में बिना सुरक्षा के अपने प्रशंसकों से मिलने बालकनी में आते थे। जहां उन्हें आसानी से वहीं मारा जा सकता था। नेहरा ने बताया कि इसके लिए उसने बालकनी और प्रशंसकों के बीच दूरी का अंदाजा भी लगाया था, सही हथियार का इंतजाम किया जा सके।