मनोरंजन
टीवी जोड़ी गौतम रोड़े और पंखुड़ी ने की सगाई
By Deshwani | Publish Date: 25/10/2017 8:01:31 PM मुंबई, (हिंस) । टेलीविजन के बड़े सितारों में शामिल अभिनेता गौतम रोड़े ने अपनी सह कलाकार पंखुड़ी अवस्थी के साथ सगाई कर ली है। गौतम रोड़े 40 साल के हैं, जबकि पंखुड़ी 26 साल की बताई जाती हैं। ये दोनों सीरियल सूर्यपुत्र करण में साथ काम कर रहे थे। इस शो में करण के रोल में गौतम और द्रौपदी के रोल में पंखुड़ी ने काम किया था।
इसी सीरियल की शूटिंग के दौरान दोनों एक दूसरे के नजदीक आए और लगभग दो साल तक रिलेशनशिप में रहने के बाद एक निजी समारोह में दोनों की सगाई हो गई। इस समारोह में दोनों परिवारों के अलावा उनके निजी मित्र शामिल हुए। शादी को लेकर कहा जा रहा है कि अगले साल अप्रैल के बाद दोनों शादी के बंधन में बंध सकते हैं। गौतम रोड़े को स्टार प्लस के लिए संजय लीला भंसाली की कंपनी द्वारा बनाए गए शो सरस्वती चंद्र में लोकप्रियता मिली थी।
अनंत महादेवन के निर्देशन में बनी फिल्म अक्सर 2 से गौतम रोड़े पहली बार फिल्मी परदे पर एंट्री लेने जा रहे हैं। पहले इस फिल्म को 6 अक्तूबर को रिलीज किया जाना था, लेकिन कुछ कारणों से इसकी रिलीज को स्थगित किया गया है। इस फिल्म में गौतम के साथ जरीन खान की जोड़ी है।