दुमका, (हि.स.)। जरमुण्डी थाना के नोनीहाट-बासुकीनाथ मार्ग पर मोतिहारा नदी में पुल से नीचे बोलेरो अनियंत्रित होकर गिर गई। घटना शुक्रवार देर रात करीब 11 बजे की है। घटना में एक व्यक्ति रसिकलाल महतो (50) की मौत मौके पर ही हो गई। जबकि दो लोग बोलेरो में ही फंसे हुए थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और गाड़ी में फंसे हुए वाहन चालक रतन पंडित (25) और शोभन मरांडी (55) को रेस्क्यू कर निकाला गया।
इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाने के दौरान शोभन मरांडी की भी मौत हो गई। वहीं पुलिस की सहायता से जिन तीन घायलों को ईलाज के लिए जरमुंडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया है, उनमें से गंभीर रूप से घायल दो लोगों को प्राथमिक चिकित्सा के बाद बेहतर इलाज के लिए डॉक्टर ने रेफर कर दिया है। घायलों में महगामा मोहनपुर गोड्डा निवासी संजीव कुमार दास (30) और सिमरिया गोड्डा, मोरहा निवासी चन्दरा मरांडी (55) बताया जाता है। घायल संजीव ने बताया कि सभी लोग गोड्डा के ललमटिया से रांची जा रहे थे। इसी क्रम में मोतिहारा नदी के पास चालक रतन पंडित को झपकी आ गई, जिससे बोलेरो अनियंत्रित होकर पुल से नीचे जा गिरी। संजीव ने बताया कि वह सबसे पहले किसी तरह बोलरो से बाहर निकल कर मदद के लिए जोर-जोर से चिल्लाया और उसकी आवाज सुनकर ग्रामीण मदद के लिए आए। फिर उसने फोन करके नोनीहाट मे अपने एक परिजन को घटना की सूचना दी और थाना पुलिस को भी सूचना दी गई। सूचना पाकर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।