झारखंड
सड़क दुर्घटना में एक की मौत, एक घायल
By Deshwani | Publish Date: 22/6/2017 4:40:02 PMदुमका, (हि.स.)। जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र के हंसडीहा-गोड्डा मुख्य मार्ग पर बुधवार देर शाम भाटीन गांव के समीप बाइक सवार युवक ने दो व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गयी, जबकि एक अन्य बुरी तरह घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, प्रकाश महतो एवं बालेश्वर महतो हंसडीहा से मजदूरी कर वापस अपने घर थाना क्षेत्र के बेलटिकरी लौट रहे थे। इस बीच गोड्डा की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने दोनों को टक्कर मार दी, जिसमे प्रकाश महतो का पैर टूट गया व बालेश्वर महतो बुरी तरह घायल हो गए।
हंसडीहा थाना पुलिस मौके पर पहुंच कर घायलों को सरैयाहाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने प्रकाश महतो को बेहतर इलाज के लिए देवघर रेफर कर दिया। देवघर में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इधर, बाइक सवार युवक बाइक को घटनास्थल पर ही छोड़कर फरार हो गया। सुबह होते ही मृतक के परिजन हंसडीहा थाना पहुंचे और बाइक सवार युवक को अविलम्ब गिरफ्तार करने की मांग करने लगे। परिजनों ने गिरफ्तारी नहीं होने की स्थिति में सड़क जाम करने की चेतावनी दी।