झारखंड
धनबाद से चंद्रपुरा तक चलेंगी बसें
By Deshwani | Publish Date: 12/6/2017 5:35:45 PMधनबाद, (हि.स.)। धनबाद-चंद्रपुरा रेल लाइन बंद होने से प्रभावित होनेवाले लोगों को राहत पहुंचाने के लिए धनबाद से चंद्रपुरा और फुसरो से धनबाद तक पांच-पांच बसें चलायी जायेंगी। सोमवार को यह बातें सांसद पीएन सिंह ने कहीं। रेल अधिकारियो के साथ हुई समीक्षा बैठक के बाद यह निर्णय लिया गया। धनबाद चंद्रपुरा रेल लाइन बंद करने की घोषणा के बाद प्रभावित लोगों को तत्काल सुविधा देने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने पत्रकारों को बताया कि सुबह पांच बजे से दोनों ओर से प्रत्येक घंटा बस चलायी जायेगी। बैठक में उपस्थित मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल से बस उपलब्ध कराने को कहा गया है।
मेयर की ओर से भी इस संबंध में सकारात्मक जवाब मिला है। बैठक में उपस्थित डीटीओ को इस संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश भी दिया गया। सिंह ने कहा कि उन्होंने बस की संख्या बढ़ाये जाने की भी मांग की है। ट्रेनों से अबतक सफर करते आ रहे यात्रियों का आंकड़ा रेलवे की ओर से उपलब्ध करा दिया गया है।