दरभंगा
तटबंध के रिसाव व स्लुईस गेट से आ रहे पानी से शहर में दहशत
By Deshwani | Publish Date: 18/8/2017 10:51:50 AMदरभंगा, (हि.स.)। बागमती नदी के जलस्तर में हो रही बेतहाशा वृद्धि से नगरक्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त है। एकमी घाट स्थिति स्लूइस गेट से पानी का रिसाव जारी है। शहर में बाढ़ का पानी तेजी से फैल रहा है। वहीं शहरी सुरक्षा तटबंध से सटे आजमनगर के निकट चतरिया समेत कई इलाकों में भी रिसाव होने की खबर है।
नगर से बागमती नदी में जल निकासी के लिए कई जगहों पर गेट बना हुआ है। बाढ़ आने की आशंका के मद्देनजर नगरक्षेत्र के बासिन्दों द्वारा रतजगा प्रारंभ कर दिया है। शुभंकरपुर मोहल्ला के सती घाट स्थित श्मशान में पानी भर गया है। वार्ड सात के कबराघाट मोहल्ला के तकरीब एक दर्जन परिवारों ने घर छोड़ दिया है। उफनती बागमती नदी का पानी शहर में प्रवेश करने की संभावना के डर से नगर के लोगों के होश उड़े हुए हैं। फिलहाल, बाढ़ प्रभावित इलाकों पर प्रशासन की नजर लगातार बनी हुई है।