छपरा
घरेलू कलह में तीन बच्चों के साथ महिला ने डूब कर दी जान, जांच में जुटी पुलिस
By Deshwani | Publish Date: 22/10/2019 12:54:21 PMछपरा। बिहार के छपरा से बड़ी खबर आ रही है। जलालपुर प्रखंड के कोपा थाना क्षेत्र की रेवाड़ी पंचायत के नवादा मठिया गांव में आज अहले सुबह ह्दय विदारक घटना हुई। अपने तीन बच्चों के साथ एक महिला ने डूब कर जान दे दी। इस घटना की खबर सुनने के बाद हर कोई स्तब्ध है। मृतका ब्रजेश राय की 30 वर्षीय पत्नी संगीता देवी बतायी जा रही है। वहीं, महिला के साथ डूबे तीन बच्चों में सात वर्षीया सिमरन कुमारी, चार वर्षीय गणेश कुमार तथा दो वर्षीय शत्रुघ्न कुमार शामिल हैं। घटना की वजह पारिवारिक विवाद बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार आज सुबह शौच के लिए निकले ग्रामीणों ने शव को गड्ढे में तैरते हुए दिखा। एक के बाद एक शव को देख कर ग्रामीण भी हैरत में पड़ गये। ग्रामीणों ने तुरंत परिजनों को इस बावत सूचना दी। कोपा पुलिस भी मौके पर पहुंच कर शवों को गढ्ढे से निकाला और पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।