छपरा
छपरा से बरामद हुए 5 लाख 25 हजार के नकली नोट, चुनावों में किया जाना था उपयोग
By Deshwani | Publish Date: 4/4/2019 2:49:32 PMछपरा। लोकसभा चुनावों से पहले छपरा पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए 5 लाख 25 हजार रूपए के नकली नोट के साथ पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार पुलिस ने सारण जिले के नियापुर थाना क्षेत्र के बनियापुर, कोपा और रिविलगंज में छापेमारी कर जाली नोटों के साथ पांच लोगों को हिरासत में लिया है। सारण के एसपी हर किशोर राय ने बताया कि गुप्त सूचना पर देर रात छापेमारी कर जाली नोट बरामद किए।
सारण के एसपी हर किशोर राय ने बताया कि गिरफ्तार किए लोगों ने पूछताछ के दौरान बताया कि इन जाली नोटों का उपयोग लोकसभा चुनावों के दौरान किया जाना था। साथ ही गिरफ्तार लोगों ने बताया कि इन जाली नोटों को बिहार के अलावा उत्तर प्रदेश और असम भेजा जाता था। अब तक करीब एक करोड़ से ज्यादा के जाली नोट बाजार में भेजे जा चुके हैं। पुलिस फिलहाल रैकेट के सदस्यों से पूछताछ कर रही है।