बिहार
दो गुटों के बीच गोली बारी में तीन घायल, जदयू नेता समेत तीन को पुलिस ने लिया हिरासत में
By Deshwani | Publish Date: 22/3/2019 10:21:49 PMछपरा। गणपत आर्यन।
छपरा । जिले के मांझी थाना क्षेत्र के ताजपुर फुलवरिया गांव में पुरानी रंजिश व होली विवाद को लेकर हुई गोली बारी में तीन लोग शुक्रवार को घायल हो गये, जिनका इलाज मांझी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में चल रहा है। इस मामले में युवा जदयू के जिला उपाध्यक्ष निरंजन सिंह समेत तीन लोगों को पुलिस हिरासत में लेकर पूछ ताछ कर रही है। इस घटना को लेकर दोनो पक्षो में तनाव बना हुआ हुआ है। दोनो पक्षों द्वारा एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाया जा रहा है। वही पुलिस कैम्प कर रही है।
बताया जाता है कि ठाकुर साहनी के पुत्र एवं विशाल सिंह के बीच किसी बात को लेकर एक दिन पहले विवाद एव हल्की झड़प हुई थी। जिसको लेकर दोनों पक्ष के युवकों में बदला लेने की भावना पनप रही थी। तभी एक पक्ष ने दूसरे पक्ष की पिटाई कर दी। जब दूसरे पक्ष ने शिकायत लेकर पहुंचा तो, विवाद हो गया और गोली बारी हो गई। जबकि एक पक्ष का कहना है कि दूसरा पक्ष लाठी डंडे से लैस हो कर धावा बोल दिया। बात इतनी बढ़ गई कि गोली चल गई और तीन लोग जख्मी हो गए, जिनका इलाज मांझी हॉस्पिटल में चल रहा है और वे लोग खतरे से बाहर बताये जा रहे हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष नीरज मिश्रा दल- बल के साथ पहुंच गये और देखते ही देखते में पूरा गांव पुलिस छावनी में तब्दील हो गयी। घायलों में राजू साहनी, प्रदीप साहनी एवं ठाकुर साहनी मुख्य रूप से शामिल हैं। जबकि युवा जदयू के जिला उपाध्यक्ष सहित तीन लोंगो को हिरासत में ले कर पूछ ताछ की जा रही है। घटना स्थल पर सदर एसडीपीओ अजय कुमार सिंह पहुंच कर जायजा ले रहे हैं और मांझी रिविलगंज तथा एकमा समेत तीन थाना की पुलिस कैम्प कर रही है ।