छपरा
छपरा में खुलेगा ट्रैफिक थाना, सरकार ने दी स्वीकृति
By Deshwani | Publish Date: 4/1/2018 10:14:11 AMछपरा, (हि.स.)। शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में सरकार ने ऐतिहासिक कदम उठाया है और छपरा में यातायात थाना खोलने की योजना को स्वीकृति दे दी है। इसके लिए पुलिस अधीक्षक हरकिशोर राय ने स्थल का चयन कर लिया है। कई स्थानों का पुलिस अधीक्षक ने जायजा लिया है और थाना को चालू करने की प्रक्रिया तेज कर दिया गया है। शहर की ट्रैफिक व्यवस्था की जिम्मेदारी से थानों को मुक्त कर दिया जाएगा। अब यातायात पुलिस ही ट्रैफिक व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेगी।
इंस्पेक्टर स्तर के पदाधिकारी को थानाध्यक्ष बनाया जाएगा। इसके अलावा पुअनि व सअनि स्तर के दस पदाधिकारी व 50 ट्रैफिक पुलिस को थाना में पदस्थापित करने का निर्देश दिया गया है। बताते चलें कि छपरा शहर में ट्रैफिक थाना खोलने का प्रस्ताव करीब दो वर्ष पहले ही भेजा गया था ।छपरा शहर को नगर निगम का दर्जा मिलने के बाद ही यह प्रक्रिया शुरू किया गया था। अब नगर निगम अस्तित्व में आ गया है और इसके साथ ही ट्रैफिक थाना भी खोलने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
ट्रैफिक थाना खोलने के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने डीटीओ कार्यालय के बगल में स्थान चुना गया है। पहले यहां पुलिस चौकी था। इस पुलिस चौकी में कोई पुलिसकर्मी नहीं रहता है और पुलिस चौकी का भवन खाली पड़ा हुआ है। ट्रैफिक थाना खोलने के लिए यह सबसे उपयुक्त स्थान है। हालांकि पुलिस चौकी के भवन की हालत ठीक नहीं है और थाना खोलने के पहले भवन की मरम्मती कराना पड़ेगा। शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाना मुख्य उद्देश्य है और थाना को ट्रैफिक व्यवस्था की जिम्मेदारी से मुक्त करना है। विधि व्यवस्था और अपराध अनुसंधान का कार्य थाना के जिम्मे रहेगा जबकि यातायात व्यवस्था ट्रैफिक थाना के हवाले रहेगा। इस व्यवस्था के लागू होने से कार्यो का संचालन बेहतर ढंग से हो सकेगा। शहर में जाम की समस्या निपटने के लिए काफी परेशानी होती है जिसे दूर किया जा सकेगा। नये ट्रैफिक थाना को सभी आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित किया जायेगा।
थाना में पदस्थापित पुलिस पदाधिकारियों को यातायात नियमों व सड़क सुरक्षा नियमों का प्रशिक्षण दिलाया जाएगा। यातायात थाना के सभी पुलिसकर्मी यातायात युनिफॉर्म में रहेंगे। जाम हटाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाया जाएगा। सड़क पर वाहनों की पार्किंग करने वालों के खिलाफ अभियान चलाने के लिए क्रेन व अन्य वाहन भी उपलब्ध कराया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक हरकिशोर राय ने बताया कि छपरा में यातायात थाना खोलने की योजना को स्वीकृति दे दी गई है और इसके लिए स्थल का चयन कर लिया गया है। कई स्थानों को देखा गया है जिसमें से किसी एक स्थान चुना जाएगा।