छपरा
प्रेमिका के पुत्र की अपहरण कर हत्या, प्रेमी गिरफ्तार
By Deshwani | Publish Date: 25/10/2017 5:11:13 PMछपरा, (हि.स.)। प्रेमिका के सम्बंध तोड़ने से नाराज युवक ने उसके पांच वर्षीय अबोध बच्चे का अपहरण कर हत्या कर दी तथा शव को सरयू नदी में फेंक दिया। यह घटना जिले के रिविलगंज थाना क्षेत्र के सिताब दियारा की है। पुलिस ने अपहरण और हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि बच्चे के पिता की लिखित शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। बच्चे का शव बरामद नहीं हो सका है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी ने स्वीकार किया है कि 23 अक्टूबर को उसने बच्चे का अपहरण किया था और उसी दिन बच्चे की गला दबाकर हत्या कर दी थी। हत्या के बाद उसने बच्चे के शव को अपने गांव के सामने सरयू नदी में फेंक दिया था। पुलिस शव बरामद करने के लिए प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि आरोपी का बच्चे की मां से प्रेम प्रसंग चल रहा था जिसकी जानकारी महिला के पति को हो गई। इस वजह से महिला ने अपने प्रेमी से संबंध तोड़ दिया जिससे नाराज होकर उसने इस घटना को अंजाम दे डाला।
रिविलगंज थाना क्षेत्र के सिताब दियारा के पांच वर्षीय आदर्श कुमार का अपहरण 23 अक्टूबर को किया गया था जिसके अपहरण की प्राथमिकी 24 अक्टूबर को उसके पिता राज कुमार चौधरी ने दर्ज कराई थी। प्राथमिकी में आरोपित अनिल चौधरी को थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने तुरंत गिरफ्तार कर लिया। आरोपी 24 घंटे तक पुलिस को बरगलाते रहा। पहले उसने बच्चे को छिपा कर रखे जाने की बात कही जिसके लिए पुलिस छापेमारी करती रही। एक दिन बाद जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की और गहन जांच पड़ताल की तो, सच्चाई खुल कर सामने आई। आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया था। उसने पुलिस के समक्ष स्वीकार किया कि बच्चे का अपहरण करने के बाद उसकी हत्या कर गांव के सामने ही सरयू नदी में फेंक दिया। कारण पूछने पर आरोपित ने बताया कि बच्चे की मां के साथ कई वर्षों से उसका प्रेम प्रसंग व नाजायज संबंध था। कुछ महीने पहले महिला ने उससे दूरी बना ली जिससे उसका दिल टूट गया था और आहत होकर बदले की भावना से उसने प्रेमिका के जिगर के टुकड़े को खत्म कर दिया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि बच्चे के शव को खोजने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन नदी की धारा काफी तेज होने के कारण अभी तक शव बरामद नहीं हुआ है।