छपरा
बक्सर मंडल कारा की नौ महिला कैदियों ने रखा छठ का व्रत
By Deshwani | Publish Date: 24/10/2017 4:08:23 PMबक्सर, (हि.स.)। बक्सर मंडल कारा की नौ महिला कैदियों ने भी छठ का व्रत रखा है। कारा प्रशासन ने बताया कि इन बंदी महिला कैदियों को सभी आवश्यक पूजा सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।
कारा प्रशासन ने बताया कि सारे नियम पूरे हों इस बात का पूरा ख्याल रखा जा रहा है। इस बाबत आने वाले सभी खर्च कारा प्रशासन वहन कर रहा है। मंडल कारा की कैदी जेल कैम्पस के अन्दर ही ढलते और उगते सूरज को अर्घ्य देंगी। छठ व्रत को लेकर कारा अधीक्षक बिजय अरोरा ने बताया कि इस बार केन्द्रीय कारा से एक और महिला मंडल कारा से नौ महिला कैदियों ने व्रत के लिए आवेदन दिया था जिसे स्वीकार कर लिया गया है। एक तरफ जहां व्रत को लेकर कैदियों में उत्साह का महौल है वही कैदियों द्वारा ही जेल के अन्दर के तालाब को साफ सुथरा किया जा रहा है। शेष बंदी अपने व्रत बंदी साथियों का भरपूर सहयोग कर रहे हैं साथ ही कारा प्रशासन ने मंगलवार को नहाय खाय से शुरू चार दिवसीय इस व्रत को लेकर कारा नियमों को सरल कर दिया है। ओपन जेल के कैदी अपने अपने परिवार के साथ उन्मुक्त वातावरण में छठ पूजा कर रहे हैं।