बक्सर
ट्रक की चपेट में आने से दो की मौत, लोगों ने किया अस्पताल में तोड़-फोड़
By Deshwani | Publish Date: 12/3/2019 1:43:23 PMबक्सर। बक्सर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र भलुहा गांव के निकट आज सुबह ट्रक की चपेट में दो लोगों की मौत हो गई। इस घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने राजपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में तोडफ़ोड़ की तथा सडक़ जाम कर दिया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि जिले के राजपुर पंचायत के जदपुरवा गांव के रहने वाले बुटाई राजभर और गिरजा राजभर साइकिल से पशु चारा लेकर अपने गांव जा रहे थे, तभी भलुहा गांव के निकट तेज रफ्तार ट्रक ने साइकिल में टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में बुटाई राजभर की मौके पर ही मौत हो गई जबकि गिरजा राजभर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को राजपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी।
मृतक के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर सही समय पर इलाज नही किये जाने का आरोप लगाते हुये राजपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में तोड़-फोड़ की। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने भलुहा गांव के निकट कोचस-बक्सर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। घटना की जानकारी के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। शवों को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया गया है।