बक्सर
पुलिस स्मृति दिवस पर शहीदों को नमन
By Deshwani | Publish Date: 22/10/2017 5:45:46 PMबक्सर, (हि.स.)| पुलिस स्मृति दिवस पर आदर के साथ शहीदों को नमन किया गया और कृतज्ञता प्रगट की गई | इसको लेकर जिले के विभिन्न जगहों पर कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया | इस मौके पर अपने कर्तव्य के दौरान शहीद हुए जवानों व पुलिस कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके शौर्य गाथाओं को याद किया गया |
सदर प्रखंड के सोनवर्षा स्थित मध्य विद्यालय परिसर में केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री सह क्षेत्रीय सांसद अश्विनी चौबे की अगुवाई में समारोह का आयोजन पुलिस कप्तान राकेश कुमार के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ | एसपी समेत अन्य पुलिस पदाधिकारियों ने पुष्प अर्पित कर शहीदों को नमन किया| इसके बाद पुलिस बल के जवानों ने सलामी दी | इस दौरान राइफल को उल्टा कर दिया गया| शहीद जवानों की याद में 21 अक्टूबर को हर वर्ष पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है| इसका शुभारम्भ 1959 में किया गया था | एसपी ने शहीदों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए पुलिस स्मृति दिवस का उद्देश्य को बताया| इस मौके पर सदर अनुमंडल एसडीपीओ शैशव यादव व मुख्यालय डीएसपी मनोज कुमार समेत सभी पुलिस पदाधिकारी व पुलिस बल के जवान उपस्थित थे|
झारखण्ड पुलिस सेवा में निरीक्षक पद पर तैनात रहे सोनवर्षा निवासी शहीद श्यामजी मिश्र की याद में आयोजित समारोह में केन्द्रीय मंत्री चौबे पहुंचे तथा उन्हें नमन करते हुए श्रद्धा सुमन अर्पित किए| उन्होंने कहा कि ऐसे सपूतों की बदौलत ही देश की सीमा सुरक्षित व विधि व्यवस्था सुचारू है| स्व. मिश्र दुश्मनों से लोहा लेते हुए शहीद हो गये थे| इस मौके पर ग्रामीणों समेत भाजपा नेता उपस्थित थे| संस्मरण दिवस पर शनिवार को बीएमपी-4 में शहीद पुलिस के जवानों को नमन करते हुए श्रद्धांजलि दी गयी | कार्यक्रम में बीएमपी के जवानों सहित अधिकारियों ने भाग लिया| बीएमपी-4 में आरक्षी उपाधीक्षक उदय प्रताप सिंह ने देश के विभिन्न हिस्सों में कर्तव्य के दौरान शहीद हुए जवानो का नाम पढ़कर सुनाया और नमन किया| इस अवसर पर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी गयी | इसके बाद से प्रति वर्ष 21 अक्टूबर को देश के कोने-कोने में दिवंगत शूरवीरों की स्मृति में पुलिस शहीद दिवस पर परेड का आयोजन किया जाता है |