बिज़नेस
पेट्रोल-डीजल से सरकार ने कमाएं 11 लाख करोड़: सुरजेवाला
By Deshwani | Publish Date: 31/8/2018 2:17:03 PM नई दिल्ली। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि मोदी सरकार ने पेट्रोल तथा डीजल सस्ते में खरीदकर उस पर भारी उत्पाद शुल्क लगाया है और इससे 11 लाख करोड़ रुपए की कमाई की है। कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख रणदीप सिंह सुरजेवाला ने शुक्रवार को यहां जारी एक बयान में कहा कि देश में डीजल और पेट्रोल की कीमत अब तक की सबसे ऊंची दर पर बेचा जा रहा है। इन पदार्थों पर अनावश्यक उत्पाद शुल्क लगाया गया है जिसके कारण पेट्रोल डीजल की कीमत आसमान छू रही है।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार पेट्रोल डीजल पर लगातार उत्पाद शुल्क बढा रही है और 2014 से अब तक इन पदार्थों पर 211.7 प्रतिशत उत्पाद शुल्क बढाया जा चुका है। इसी का परिणाम है कि दिल्ली में डीजल 70.26 पैसा प्रति लीटर की दर से बिक रहा है जो अब तक की सबसे ज्यादा कीमत है। उन्होंने कहा कि तेल के आसमान छूते दामों के कारण आवश्यक वस्तुओं के दाम भी बढ गए हैं और इससे मध्यम वर्ग, किसान, ट्रांसपोर्ट तथा लघु एवं छोटे कारोबार प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की जनता मोदी सरकार को अगले आम चुनाव में इसका करारा जवाब देगी।