बिज़नेस
जैक मा को पछाड़, एशिया के सबसे अमीर बने मुकेश अंबानी
By Deshwani | Publish Date: 14/7/2018 11:57:15 AMनई दिल्ली। भारत के सबसे अमीर उद्योगपति मुकेश अंबानी अब एशिया के भी सबसे अमीर शख्स बन गए हैं। आरआईएल के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने इस मामले में अलीबाबा ग्रुप के प्रमुख जैक मा को पीछे छोड़ दिया है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार कल मुकेश अंबानी की कुल संपत्ति बढ़कर 44.3 बिलियन डॉलर हो गई है। अंबानी की संपत्ति में यह बढ़त रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर में जबरदस्त तेजी आने के बाद दर्ज की गई है। रिलांयस इंडस्ट्रीज का शेयर कल 1.7 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1101 रुपये के स्तर पर पहुंच गया.
अलीबाबा ग्रुप के संस्थापक जैक मा की संपत्ति गुरुवार को 44 बिलियन डॉलर आंकी गई। एनर्जी सेक्टर से लेकर टेलीकॉम में जबरदस्त तेजी से मुकेश अंबानी की संपत्ति तेजी से बढ़ रही है। रिलायंस इंडस्ट्रीज पेट्रो कारोबार में दमदार प्रदर्शन के साथ ही रिलायंस जियो भी अच्छा प्रदर्शन कर रहा है। मुकेश अंबानी ने पिछले दिनों कंपनी की 41वीं एजीएम में दावा किया था कि वह अगले सात साल में अपनी ग्रोथ को दोगुनी कर देंगे।
इससे पहले गुरुवार को रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार मूल्यांकन शेयर बाजार में गुरुवार को 100 अरब डॉलर (6.88 लाख करोड़) पर पहुंच गया। गुरुवार को कंपनी शेयर 52 हफ्ते के हाई पर पहुंच गया था। कल भी कंपनी के शेयर में जबरदस्त तेजी आई, जिससे निवेशकों को जबरदस्त फायदा पहुंचा। आरआईएल के शेयर में तेजी का प्रमुख कारण अप्रैल - जून तिमाही परिणाम आने से पहले कंपनी का अपनी आम वार्षिक सभा में नई कारोबारी योजनाओं की घोषणा करना माना जा रहा है।