बिज़नेस
कच्चे तेल में गिरावट, पेट्रोल 15 और डीजल 14 पैसा हुआ सस्ता
By Deshwani | Publish Date: 4/6/2018 1:21:42 PMनई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय बाजार में आई कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट के कारण देश में लगातार छठे दिन पेट्रोल-डीजल के दाम में कटौती की गई है। आज पेट्रोल में 15 पैसे और डीजल में 14 पैसे की कटौती की गई। लगातार कटौती के चलते दिल्ली में पेट्रोल के दाम 78 रुपए के नीचे आ गए हैं। दिल्ली में पेट्रोल 15 पैसे सस्ता होकर 77 रुपए 96 पैसे पर पहुंच गए हैं। वहीं, डीजल भी 14 पैसे सस्ता होकर 68 रुपए 97 पैसे पर पहुंच गया है। रविवार को भी पेट्रोल में 9 पैसे की कटौती की गई थी। हालांकि, डीजल सस्ता नहीं हुआ था।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में पिछले महीने कच्चे तेल की कीमतें 80.50 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गई थीं। इसके बाद से लगातार पेट्रोल-डीजल की कीमतों में इजाफा हो रहा था। अब कच्चे तेल की कीमतें फिसलकर 76.79 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई हैं। यही वजह है कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में भी कटौती देखने को मिल रही है।