बिज़नेस
डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया लगातार कमजोर, बढ़ सकती है महंगाई
By Deshwani | Publish Date: 27/4/2018 1:45:07 PMनई दिल्ली। डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया लगातार कमजोर हो रहा है। पिछले एक हफ्ते में रुपया 14 महीने के निचले स्तर पर पहुंच चुका है। एक्सपर्ट्स की मानें तो रुपया का भाव 68 प्रति डॉलर के पार जा सकता है। ऐसे में साफ संकेत हैं कि रुपए की कमजोरी से सरकार के साथ-साथ आम आदमी की जेब पर भी असर पड़ेगा। मुश्किल यह है कि पेट्रोल और डीजल के साथ-साथ कई महत्वपूर्ण चीजों पर भी असर पड़ सकता है और महंगाई बढ़ सकती है। आइये जानते हैं कि रुपए की कमजोरी से आप पर क्या असर हो सकता है।
रुपए में गिरावट महंगाई बढ़ने का संकेत है। क्योंकि, ट्रांसपोर्टेशन कॉस्ट बढ़ने से खाद्य पदार्थों से लेकर अन्य चीजों के दाम बढ़ सकते हैं। इसे ऐसे समझा जाए कि भारत अपनी जरूरत के हिसाब से 80 फीसदी पेट्रोलियम प्रोडक्ट आयात करता है। रुपए में गिरावट से पेट्रोलियम प्रोडक्ट्स का आयाता महंगा हो सकता है। तेल कंपनियां पेट्रोल-डीजल की दाम बढ़ा सकती है। डीजल के दाम बढ़ने से माल ढुलाई बढ़ जाएगी, जिसके चलते महंगाई बढ़ने के आसार हैं।
डॉलर के मूल्य में एक रुपए की बढ़ोतरी से तेल कंपनियों पर बोझ बढ़ता है। उन्हें पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ाने पर मजबूर होना पड़ता है। पेट्रोलियम उत्पाद की कीमतों में 10 फीसदी बढ़ोतरी से महंगाई करीब 0.8 फीसदी बढ़ जाती है। इसका सीधा असर आपने खाने-पीने और परिवहन लागत पर पड़ता है। ट्रांसपोर्टेशन कॉस्ट बढ़ने से खाने-पीने की चीजें के दाम में भी इजाफा हो सकता है।