बिज़नेस
नोएडा में अंतरराष्ट्रीय हवाइअड्डे को सैद्धांतिक मंजूरी, 2022 तक विमान भरेंगे उड़ान
By Deshwani | Publish Date: 25/4/2018 11:40:24 AMग्रेटर नोएडा। दिल्ली से सटे गौतमबुद्ध नगर जिले के जेवर के नजदीक नोएडा अंतरराष्ट्रीय ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे को केंद्र सरकार की तरफ से सैद्धांतिक मंजूरी मिल गई है। मंजूरी मिलने के बाद अब ये उम्मीदें जताई जा रही है कि 2022 तक चालू हो सकता है। नोएडा अंतरराष्ट्रीय ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे के लिए 15,754 करोड़ रुपए निवेश किया जाएगा। इस हवाई अड्डे को नए सिरे से विकसित करने के लिए राज्य सरकार ने प्रस्ताव भेजा था, जिसे दिल्ली में संचालन समिति की बैठक में औपचारिक रूप से सैद्धांतिक मंजूरी दे दी गई। अब नोडल एजेंसी बिड डॉक्युमेंट तैयार कर जून में ग्लोबल टेंडर जारी करेगी। तीन महीने में टेंडर प्रक्रिया पूरी होनी है।
नागर विमानन विभाग के निदेशक एवं विशेष सचिव सूर्यपाल गंगवार ने इस संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कुल चार चरणों में सार्वजनिक-निजी भागीदारी के आधार पर लगभग 15,754 करोड़ रुपए का निवेश किया जाना संभावित है। गंगवार ने कहा कि परियोजना रपट के अनुसार इसके लिए कुल आठ गांव की 1,441 हेक्टेअर भूमि की खरीद या अधिग्रहण किया जाना प्रस्तावित है।
2022 तक जेवर एयरपोर्ट के संचालन होने की संभावना है। शुरुआती चरण में दो रनवे बनाए जाएंगे। इसके लिए जमीन खरीदने की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। ग्रेटर नोएडा के जेवर में बन रहे हवाइअड्डे का एक मकसद दिल्ली के अंतरराष्ट्रीय हवाइअड्डे का बोझ कम करना और आकस्मिक समय में उसके विकल्प के तौर पर उपयोग करना भी है।