बिज़नेस
पेट्रोल और डीजल की कीमतें रिकॉर्ड ऊंचाई पर, कच्चे तेल में लगी आग
By Deshwani | Publish Date: 20/4/2018 1:34:11 PM नई दिल्ली। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम में जारी बढ़ोतरी का असर देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों पर दिख रहा है। पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों ने सरकार और आम जनता को चिंता में डाल दिया है। पेट्रोल-डीजल के दाम 55 महीने की रिकॉर्ड ऊंचाई पर बने हुए हैं।
आज राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 74.08 रुपए प्रति लीटर की दर से बिक रहा है वहीं मुंबई में पेट्रोल के दाम 81.93 रुपए प्रति लीटर हैं। डीजल ने यहां 65.31 रुपए का आंकड़ा छू लिया है। इससे पहले सितंबर 2013 में दिल्ली में एक लीटर पेट्रोल की कीमत 76 रुपए तक पहुंची थी। वहीं कोलकाता में पेट्रोल की कीमत 76.78 रुपए और चेन्नई में 76.85 रुपए है।
डीजल की क़ीमत दिल्ली में 65.31 रुपए प्रति लीटर तक पहुंच गई है। डीजल इतना महंगा पहले कभी नहीं हुआ है। सबसे महंगा डीजल भी मुंबई में है, जो 70 रुपए प्रति लीटर के करीब पहुंच गया है। मुंबई में डीजल 69.54 रुपए प्रति लीटर है। कोलकाता में 68.01 रुपए और चेन्नई में यह 68.90 रुपए प्रति लीटर रही।
कच्चे तेल की कीमतें पिछले तीन साल के उच्च स्तर पर पहुंच गई हैं। इंडियन बास्केट में कच्चे तेल की कीमतों में 92 सेंट की बढ़ोतरी हुई है। इस बढ़ोतरी के साथ यह 70.12 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है। कच्चे तेल की कीमतें बढ़ने के लिए अमेरिका में क्रूड ऑयल इन्वेंट्रीज में कमी बताई जा रही है।