बिज़नेस
देश का सबसे बड़ा पेमेंट बैंक पोस्ट ऑफिस बन गया, आज से मिलेंगी कई सर्विस फ्री
By Deshwani | Publish Date: 1/4/2018 2:40:49 PM नई दिल्ली। आज से देश के सभी 1.55 लाख पोस्ट ऑफिस पेमेंट बैंक बन जाएंगे। आप दूसरे बैंकों की तरह इसमें पैसे डिपॉजिट कर सकते हैं। यह आपको दूसरे बैंकों के मुकाबले कई फ्री सर्विसेज भी देगा। इसका नाम इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक होगा। बड़ी बात यह है कि यहां आपको पोस्ट ऑफिस की सामान्य बचत जमा से 1.5 फीसदी ज्यादा ब्याज मिलेगी।
इंडियन पोस्ट पेमेंट्स बैंक (आई.पी.पी.बी.) एयरटेल और पेटीएम के बाद तीसरा ऐसा पेमेंट बैंक होगा। अप्रैल से पूरे देश में इसका नेटवर्क काम करना शुरू करेगा। इस बैंक की सेवाएं देश के सभी 1.55 लाख डाकघरों में ली जा सकेगी। 650 पेमेंट बैंक ब्रांच कंट्रोलिंग ऑफिस के तौर पर काम करेंगी। इसके अलावा इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक की एक तय समय के अंदर 5,000 एटीएम भी शुरू करने की भी योजना है।
इसके तहत एक लाख रुपए तक का बचत खाता, 25 हजार तक की जमा राशि पर 5.5 फीसदी ब्याज, चालू खाता और थर्ड पार्टी इंश्योरेंस जैसी सुविधाएं मिलेंगी। वहीं आधार भुगतान का पता बन जाएगा। एक बार सेवा शुरू होने के बाद आईपीपीबी देश का सबसे बड़ा वित्तीय सेवा नेटवर्क बन जाएगा।
बता दें कि इसके तहत पोस्ट मैन और ग्रामीण डाक सेवक शहरी और ग्रामीण इलाकों में डिजिटल पेमेंट सेवा पहुंचाएंगे। 2015 में आर.बी.आई. ने भारतीय पोस्ट को पेमेंट बैंक के रूप में काम करने की सैद्धांतिक मंजूरी दी थी।