बिज़नेस
टीसीएस को मिला अमेरिकी कंपनी से 14625 करोड़ रूपये ठेका
By Deshwani | Publish Date: 22/12/2017 8:18:45 PMनई दिल्ली/मुंबई, (हि.स.)। टाटा समूह की आईटी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज़ (टीसीएस) अमेरिकी कंपनी नीलसन से आउटसोर्सिंग कॉन्ट्रेक्ट हासिल करने में सफल रही है। ये कॉन्ट्रेेक्ट 14,625 करोड़ रूपये का है। इस कॉन्ट्रेक्ट को लेकर दोनों कंपनियों के बीच अक्टूबर में सहमति बनी थी।
अमेरिकी कंपनी नीलसन के साथ टीसीएस का ये समझौता दरअसल 2008 में दोनों कंपनियों के बीच हुए 7800 करोड़ रूपये के आउटसोर्सिंग समझौता का ही विस्तार है। वो समझौता 10 साल के लिए था, जिसे इस साल अक्टूबर में फिर कर लिया गया। लेकिन इस बार कॉन्ट्रेक्ट की रकम 7800 करोड़ रूपये से बढ़कर 14,625 करोड़ रूपये हो गई। कंपनी सूत्रों के मुताबिक ये समझौता 31 दिसम्बर, 2025 तक के लिए होगा। जिसमें एक-एक साल के तीन विस्तार देने के विकल्प भी होंगे।
टीसीएस भारत की आईटी क्षेत्र की अग्रणी कंपनी है, जिसमें दुनिया भर के करीब 3 लाख 90 हजार प्रोफेशनल्स काम करते हैं। टीसीएस में 133 देशों के प्रोफेशनल्स काम कर रहे हैं, जिसमें 35 फीसदी महिलाएं हैं।