बिज़नेस
शिमला में सैलानी उमड़े, पर्यटन कारोबारी खुश
By Deshwani | Publish Date: 12/8/2017 3:58:27 PMशिमला, (हि.स.)। राजधानी शिमला एक बार फिर सैलानियों से सराबोर हो गई है और पर्यटन कारोबारियों के चेहरे खिल गए हैं। वीकेंड पर एक साथ चार छुट्टियों के चलते राजधानी में पर्यटकों का सैलाब उमड़ पड़ा है। आलम यह रहा कि शनिवार को सुबह से माल रोड समेत शहर के नजदीक पर्यटक स्थलों में दिनभर पर्यटकों का रेला लगा रहा। पर्यटक वाहनों के कारण कार्ट रोड व लक्कड़ बाजार में वाहन रेंगते हुए आगे बढ़े।
पर्यटन निगम की एकमात्र लिफ्ट पर सुबह से ही सैलानियों की भीड़ लगनी शुरू हो गई थी। कार्ट रोड से सैलानी इस लिफ्ट से मालरोड तक पहुंचते हैं। एकाएक सैलानियों के पहुंचने से राजधानी के अधिकांश पंजीकृत होटलों समेत अन्य गेस्ट हाउस दोपहर तक फुल हो गए। आगामी दिनों के लिए पर्यटकों ने शहर के अन्य होटल एडवांस में बुक कर लिए हैं तथा 15 अगस्त तक राजधानी में पर्यटकों का पहुंचना जारी रहेगा। शिमला का रुख करने वालों में ज्यादातर पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और चंडीगढ़ के सैलानी शामिल हैं।
प्रदेश पर्यटन निगम के महाप्रबन्धक विजय शर्मा ने बताया कि शिमला में निगम के 80 फीसदी होटल एडवांस में बुक हैं। उन्होंने कहा कि निगम के होटलों में सैलानियों के लिए अलग-अलग पैकेजों में 40 फीसदी तक की छूट दी जा रही है।
शनिवार, रविवार, जन्माष्टमी और स्वतंत्रता दिवस के चलते इस बार चार छुट्टियां एक साथ आ रही हैं। यही कारण है कि बड़ी संख्या में सैलानी शिमला का रुख कर रहे हैं। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर में मौजूदा समय में चल रही अस्थिरता के चलते भी पर्यटक शिमला का रुख कर रहे हैं।