बिहार
मोतिहारी के एसएनएस कॉलेज मैदान में रमना निवासी टेम्पो चालक अमित की गोली मारकर हत्या, शरीर पर चाकू के भी जख्म
By Deshwani | Publish Date: 16/6/2022 8:00:00 PMमोतिहारी। शहर के श्रीनारायण सिंह (एसएनएस) कॉलेज के मैदान में गुरुवार की सुबह एक युवक की लाश बरामद की गयी। उसकी पहचान शहर के गांधीनगर रमना मुहल्लावासी अमित कुमार जायसवाल के रूप में की गयी है। उसे सीने में दाहिनी तरफ गोली लगी है। शरीर के हिस्सों में चाकू के कई जख्म हैं। अशांका जतायी गयी है कि बुधवार की रात टेम्पो चालक अमित जायसवाल की हत्या कर दी गयी है।
शहर के गांधीनगर रमना मुहल्ला निवासी अमित कुमार जायसवाल का शव गुरुवार की सुबह कालेज मैदान से बरामद किया गया। उसे सीने में दाहिने तरफ एक गोली लगी है। जबकि सीने के बायें तरफ व गर्दन समेत शरीर के करीब नौ जगहों पर चाकू मारी गई है।
पुलिस को घटनास्थल से कारतूस, शराब व पानी की बोतलें आदि भी मिले हैं। घटना का कारण अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंची है। बताया जाता है कि बुधवार की रात अमित जायसवाल टेंपो चलाने के बाद उसे घर पर रख दिया और कालेज के मैदान में पहुंच गया। वहां उसने दोस्तों के साथ पार्टी की। रात में जब वह घर नहीं पहुंचा। तब उसकी तलाश शुरू हुई। इस दौरान खून से सना उसका शव बरामद किया गया। मृतक के परिवार में गर्भवती पत्नी रजनी एक बेटा भोला कुमार है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।