बिहार
रक्सौल: 9 माह से अधिक समय से वेतन नहीं मिलने पर सफाईकर्मियों ने नगर सभापति चंदा देवी के आवास का किया घेराव
By Deshwani | Publish Date: 19/5/2022 10:11:16 PMरक्सौल। अनिल कुमार। गुरूवार को शहर के मौजे स्थित नगर सभापति चंदा देवी के आवास का घेराव सफाई कर्मियों ने किया। 9 माह से अधिक समय से वेतन नहीं मिलने से नाराज सफाई कर्मी लंबित वेतन की मांग को लेकर चंदा देवी के आवास पर पहुंचे थे। इस दौरान सफाई कर्मियों ने बताया कि वेतन नहीं मिलने के कारण हमलोगों को बहुत दिक्कत हो रही है। घर का खर्चा चलाना मुश्किल हो रहा है। दूकानदार भी कर्ज देना छोड़ दिये है, जिसके बाद हमलोगों को मजबूरन सभापति के घर का घेराव करना पड़ रहा है।
सफाई कर्मियों के विरोध की खबर पर पहुंचे नगर परिषद् के कार्यपालक पदाधिकारी संतोष कुमार सिंह ने कहा कि कुछ कागजी दिक्कत के कारण आप लोगों के पेमेंट में समस्या है। हमारी कोशिश है कि जितना जल्दी हो सके, आप लोगों को पेमेंट दिया जाये।पूरी कोशिश है कि 5 जून तक आप सभी के खाते में पेमेंट भेज दिया जायेगा। सरकार का जो गाइडलाइन है, उसी के अनुसार काम होगा। वहीं सभापति प्रतिनिधि सुरेश साह ने कहा कि बार-बार कार्यपालक पदाधिकारी बदलते रहे, जिसके कारण कागजी प्रक्रिया को पूरा करने में समय लगा।