बिहार
''एक भारत, श्रेष्ठ भारत'' विषय पर ''एक संवाद'' कार्यक्रम संपन्न
By Deshwani | Publish Date: 1/11/2021 8:28:33 PMबेतिया: भारतीय स्वतंत्रता संग्राम व उसके पश्चात देशी रियासतों के एकीकरण में सरदार वल्लभ भाई पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। वे राष्ट्र के सच्चे सपूत, देशभक्त, समर्पित सत्याग्रही, कुशल नेतृत्वकर्ता, जुझारू बैरिस्टर तथा निष्ठावान भारतीय के रुप में जाने जाते हैं। अंग्रेजों से सत्ता हस्तांतरण उपरांत उन्हें भारतवर्ष के प्रथम गृहमंत्री बनाया गया। वे सच्चे अर्थों में आधुनिक भारत के निर्माताओं में एक हैं। उन्होंने विभाजन के बाद भारत की 562 रियासतों का भारत में विलय कराकर भारत की एकता और एकात्मकता को न सिर्फ मजबूत किया बल्कि नये भारत के नवनिर्माण की नींव भी रख दी। इसलिए उन्हें भारतीय राजनीति का लौहपुरुष कहा जाता है।
राजकीय माध्यमिक विद्यालय भितहा बैरिया के प्रधानाध्यापक दिवाकर राय ने सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयन्ती की पूर्व संध्या पर राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में विद्यालय में 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' विषय पर एक संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपर्युक विचार व्यक्त किया। इस अवसर पर विद्यालय प्रांगण में छात्र-छात्राओं ने सुंदर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। जिसमें देशभक्ति गीतों के साथ वल्लभ भाई पटेल की जीवन से संबंधित विभिन्न प्रसंगों की चर्चा की गयी। इस कार्यक्रम में यादवलाल चौधरी, अनीता कुमारी, चन्द्रभूषण तिवारी, हिना परवीन तथा सावित्री कुमारी ने विचार व्यक्त किया। 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' विषय पर एक संवाद कार्यक्रम का संचालन राजन कुमार ने किया।