बिहार
रामगढ़वा: तमिलनाडु से कमा कर लौट रहे मजदूर की हत्या, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
By Deshwani | Publish Date: 29/10/2021 9:16:33 PMरक्सौल। अनिल कुमार। रामगढ़वा थाना क्षेत्र के बेला भैंसड़ा चौक के समीप अपराधियो ने चाकू से गोद कर तमिलनाडु से कमा कर लौट रहे एक मजदूर की हत्या कर दी। घटना बीती देर रात्रि करीब 12 बजे बाद की बताई जा रही है। घटना की सूचना किसी यात्री बस चालक द्वारा शुक्रवार की सुबह रामगढ़वा थाना में दी गयी, जहाँ पुलिस ने सूचना मिलते ही भैंसड़ा पावर हाउस चौक के पास एनएच 28-ए पर पहुंच कर शव को कब्जे में लिया और खून से लथपथ शव को थाने पर ले आयी तथा मृतक के पॉकेट की जांच की गई तो मृतक के पॉकेट से आधार कार्ड निकला, जिसके बाद उसकी पहचान दिनेश राम पिता झूलन राम ग्राम बेलईठ थाना सुगौली के रूप में की गई।
घटना की पुष्टि करते हुए प्रभारी थानाध्यक्ष नारायण मंडल ने बताया कि मृतक के शरीर पर चाकू से कई जगह गोद दिया गया है। मृतक के पिता झूलन राम ने थाने में बताया कि मृतक दिनेश राम तमिलनाडु में मजदूरी करता था। वह छठ को लेकर वापस लौटा है। तमिलनाडु से कमा कर लौटने के बाद वह घर नही जाकर अपने रामगढ़वा आमोदेई गाँव स्थित ससुराल जा रहा था।
वही मृतक के ससुर शिव राम ने बताया कि गुरुवार की रात्रि आठ बजे तक मोबाइल पर उसके बेटी से बात हुई थी और बताया कि आज हम रात तक आमोदेई मे पहुंचेंगे, लेकिन शुक्रवार की सुबह जब चौकीदार ने सूचना दी तो हमलोग थाना में आये तो शव की पहचान किये। वही पुलिस बताया कि मृतक के पास से आधार कार्ड के अलावे कोई भी समान बरामद नही हुआ है।जिसके बाद ऐसा लगता है कि कोई अपराधी उसकी हत्या कर समान व पैसा छीन कर फरार हो गया है। वही पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हेतु मोतिहारी भेज दिया है और घटना की पड़ताल की जा रही है। वही दिनेश की मौत पर पत्नी व परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।