बिहार
रामगढ़वा से रक्सौल पुलिस ने सड़क जाम कर प्रदर्शन करने के आरोप में एक को किया गिरफ्तार
By Deshwani | Publish Date: 20/2/2021 10:35:24 PMरक्सौल। अनिल कुमार। रामगढ़वा से रक्सौल पुलिस ने सुनिल कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया है। सुनिल पर रक्सौल में बीते 13 फरवरी को सड़क जाम कर प्रदर्शन करने के आरोप में रक्सौल थाना में प्राथमिकी दर्ज है। वहीं इस मामले में दूसरे पक्ष के तरफ से सुधा देवी के आवेदन पर भी एक एफआईआर दर्ज है। जिसके आलोक में सुनिल कुमार को शनिवार को रामगढ़वा थाना के सामने रक्सौल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
जिसे पुलिस ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। बीते 13 फरवरी को शहर के चावल बाजार में सुधा गुप्ता की जड़ी-बूटी दुकान पर कुछ लोगों के द्वारा लूटपाट करके दुकान में ताला लगाने का मामला दर्ज किया गया था। जिसके बाद सुधा गुप्ता के समर्थन में सुनिल कुमार के द्वारा शहर के व्यवसायियों के साथ मुख्य पथ पर थाने के सामने आरोपियों पर कार्रवाई की मांग करते हुये सड़क को जाम कर प्रदर्शन किया गया था।
जिस मामले में रक्सौल पुलिस ने एक प्राथमिकी दर्ज की थी।इस मामले में दुकान में लूटपाट करने को लेकर दर्ज मामले में चार लोगों को गिरफ्तार करके जेल भेजा गया था, जिनके द्वारा जमानत पर बाहर आने के बाद शुक्रवार को फिर से सुधा गुप्ता के दुकान में ताला लगाया गया था। जिसे बाद में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के द्वारा खुलवाया गया था। गिरफ्तारी की पुष्टि नगर इंस्पेक्टर अभय कुमार ने की है। इस प्रकरण को लेकर पूरे शहर में चर्चा का बाजार गर्म है।