बिहार
बिहार विधानसभा चुनाव 2020: मुख्यमंत्री नीतीश की पहली वर्चुअल रैली आज, जदयू की होर्डिंग से पटा पटना
By Deshwani | Publish Date: 7/9/2020 7:28:56 AMपटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बिहार विधानसभा चुनाव अभियान का आज शंखनाद करेंगे। मुख्यमंत्री सह पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश निश्चय संवाद से अभियान की शुरूआत करेंगे। संवाद को सफल बनाने के लिए पार्टी नेता जोरशोर से जुट गए हैं। राजधानी पटना के चौक-चौराहों और मुख्य सड़कों को निश्चय संवाद के पोस्टर से पाट दिया गया। रविवार को नीतीश के कई मंत्रियों ने जदयू मुख्यालय में नवनिर्मित कर्पूरी सभागार में संवाद की अंतिम तैयारियों की जानकारी ली।
बता दें कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी इस पहली रैली को अपने ही दल के वर्चुअल प्लेटफॉर्म jdulive.com से संबोधित करेंगे। इसके लिए जदयू निश्चय संवाद से जुड़ने के लिए राज्य के 30 लाख से अधिक लोगों को लिंक भेज रहा है। इससे जुड़ने की चाह रखने वालों के लिए JDU ने खुला प्रस्ताव भेजा था। राज्यभर के 25 लाख 99 हजार लोगों ने नीतीश कुमार की इस रैली से जुड़ने के लिए अपना नाम, मोबाइल नम्बर और विधानसभा क्षेत्र की जानकारी जदयू को भेजी।
जदयू के राष्ट्रीय सचिव रवीन्द्र प्रसाद सिंह ने बताया कि जदयू मीडिया सेल, छात्र, युवा, महिला समेत विभिन्न प्रकोष्ठों को मिलाकर करीब 30 लाख से अधिक लोगों को सोमवार तक लिंक भेज दिये जाएंगे। उधर जदयू के राष्ट्रीय महासचिव आरसीपी सिंह ने कहा कि बड़ी संख्या में महिलाएं 7 सितम्बर को होने वाली मुख्यमंत्री की वर्चुअल रैली से जुड़ेंगी। कहा कि मुख्यमंत्री ने राज्य की महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए अनेक योजनाएं चलाई हैं। उनके लिए काफी काम किया है, जिसे ये प्रभावित हैं।
इससे पहले जदयू ने बीते बुधवार को अपना बहुआयामी डिजिटल प्लेटफॉर्म जेडीयू लाइव डॉट कॉम (jdulive.com) आधिकारिक रूप से लांच किया था. सीएम नीतीश की 7 सितंबर की पहली वर्चुअल चुनावी रैली 'निश्चय संवाद' का इसी प्लेटफॉर्म के जरिए सीधा प्रसारण होगा। जदयू की मानें तो इस तरह के व्यापक डिजिटल मंच का इस्तेमाल अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कर चुके हैं। वेबसाइट पर मुख्यमंत्री के भाषण, यात्राओं की जानकारी और बिहार की पॉजीटिव खबरें भी उपलब्ध हैं।