बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कोरोना संक्रमण की रोकथाम को मास्क के उपयोग के संबंध में दिया संदेश
समाहरणालय, प्रखंड स्तर पर सीधा प्रसारण को देखने की व्यवस्था की गयी
बेतिया। अवधेश कुमार शर्मा। बिहार सरकार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कोविड 19 कोरोना वायरस उन्मूलन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम में त्रिस्तरीय पंचायती राज एवं नगर निकायों के जनप्रतिनिधियों तथा अन्य हितधारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद किया। संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने कोरोना संक्रमण की रोकथाम को लेकर मास्क के उपयोग को बढ़ावा देने एवं व्यवहार परिवर्तन पर बल दिया।
इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण फेसबुक, यूट्यूब, ट्विटर, न्यूज 18 (बिहार-झारखंड) एवं जी न्यूज (बिहार-झारखंड) पर अपराह्न 12.30 बजे से किया गया। जिसका समाहरणालय सभाकक्ष, एनआइसी के सभागार सहित सभी प्रखंड मुख्यालय स्तर पर सीधा प्रसारण किया गया। इस प्रसारण को डीआईजी, जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, जिलास्तरीय पदाधिकारी, सभी सरकारी पदाधिकारी एवं कर्मी, ग्राम पंचायतों के मुखियागण, पंचायत समिति के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, जिला पार्षद, नगर निकायों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, वार्ड सदस्य ने देखा।