मुख्यमंत्री वानिकी योजना के तहत डीएफओ ने चलाया जनजागरण अभियान, पेड़ लगाकर किसानों होंगे आर्थिक रूप से मजबूत
मोतिहारी। चकिया से रूबी सिंह की रिपोर्ट। पर्यावरण की सुरक्षा के लिए ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाने की आवश्यकता है। जल ही जीवन है। बिना जल के धरती पर जीवन की कल्पना करना मुश्किल ही नहीं नामुमकिन है। पेड़ की कमी होने के कारण ही धरती में जल का स्तर नीचे चला गया है। ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगा कर ही हम फिर से धरती के जल स्तर को ऊपर ला सकते हैं। ये बातें पीपरा विधानसभा के विधायक श्यामबाबू यादव ने सोमवार को व्यापार मंडल परिसर में कृषि वानिकी योजना के तहत डीएफओ प्रभाकर झा द्वारा चलाये जा रहे जनजागरण अभियान के दौरान कही।
पर्यावरण की सुरक्षा एवं किसानों को आर्थिक रूप से समृद्ध बनाने के लिए मुख्यमंत्री वानिकी योजना चलाई जा रही है।
इस योजना की जानकारी देते समय सभी के द्वारा सामाजिक दूरी का पालन किया गया। विधायक ने डीएफओ की कार्य क्षमता की प्रशंसा करते हुए कहा कि लॉक डाउन के बाद उन्हें किसानों की तरफ से सम्मानित किया जाएगा।
वहीं डीएफओ श्री झा ने कहा कि सरकार की योजना है कि किसानों को केवल धान गेंहू की उपजा कर वे आर्थिक रूप से समृद्ध नहीं हो सकते। कृषि वानिकी योजना अपना कर ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगा कर ही वे आर्थिक रूप से मजबूत हो सकते है। श्री झा ने कहा कि मुख्यमंत्री वानिकी योजना का अब पैटर्न बदल गया है। अब योजना के तहत किसानों को पेड़ लगाने के तीन साल पर प्रति पेड़ एक मुश्त 60 रुपया दिया जाएगा। पहले तीन चरणों केवल 35 रुपया ही दिया जाता था। इसके लिए किसानों को पेड़ लगाने के लिए रजिस्ट्रेशन कराने के समय ही प्रति पेड़ 10 रुपये का भुगतान करना होगा जो पेड़ लगाने के तीसरे साल में शत प्रतिशत भुगतान कर दिया जाएगा। इसके लिए किसान नगद या एनएसी जमा करा सकते है।
उन्होंने कहा कि आम लीची के पेड़ को छोड़ कर कोई भी पेड़ लगाने के लिए किसान आवेदन कर सकते है। किसानों को आवेदन के साथ लगान रसीद का छाया प्रति, बैंक के पासबुक का छाया प्रति व आईडी प्रूफ का छाया प्रति संलग्न करना अनिवार्य है। कहा कि बिहार के ग्रीन कवर एरिया का 15 प्रतिशत है जबकि पूर्वी चंपारण जिले का ग्रीन कवर एरिया का प्रतिशत 6.85 है। मौके पर त्रिभुअन सिंह, अनिल तिवारी, अजित उपाध्याय, रवि कुमार, गौरी शंकर सिंह, राजेश झा, अनुज पांडेय, गुरु शरण सिंह सहित वन कर्मी दिनेश कुमार पांडेय, धर्मेंद्र कुमार, आदित्य कुमार, रजनीश कुमार, बृजेश कुमार व चालक उमाशंकर सिंह मौजूद थे।