बिहार
बिहार में आज कोरोना संक्रमित 20 लोगों को इलाज के बाद मिली छुट्टी
By Deshwani | Publish Date: 30/4/2020 10:40:22 PMपटना। बिहार में आज कोरोना से संक्रमित 20 लोगों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी मिली है। जिसमें से 17 का पटना के एनएमसीएच में इलाज चल रहा था। राज्य में अब तक 84 मरीज स्वस्थ होकर अपने घर लौट चुके हैं जबकि 2 लोगों की मौत हुई है। वहीं आज कोरोना संक्रमण के 19 नये मामले भी सामने आए हैं। जिसके साथ ही पुष्ट मामलों की संख्या बढ़कर 422 हो गयी है। आज जो मामले सामने आये हैं, उनमें से 11 रोहतास से, 5 सीतामढ़ी से तथा पटना और सारण से दो-दो हैं।
प्रदेश के 29 जिले संक्रमण की चपेट में हैं। इधर, स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार ने बताया कि अब तक 22 हजार 6 सौ से अधिक जांच अभी किये जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि बाहर से आये 47 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। श्री कुमार ने बताया कि घर-घर सर्वे अभियान के तहत अब तक 75 लाख 72 हजार घरों का सर्वेक्षण किया जा चुका है। सर्वे के दौरान 3180 लोग ऐसे मिले हैं, जिनमें सर्दी, खांसी और बुखार पाया गया।
इधर, देश में अब तक कोविड-19 से 33,610 मामले सामने आये हैं। इनमें से 8373 लोगों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है जबकि 1075 लोगों की मौत हो गई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि देश में कोविड-19 मरीजों के स्वस्थ होने की दर में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। मंत्रालय में संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि मामलों के दोगुनी होने की रफ्तार अब ग्यारह दिन हो गयी है।