पटना के मगध महिला कॉलेज में एक लफंगे ने राजनीति शास्त्र की छात्रा से सरेआम की छेड़खानी
पटना। मगध महिला कॉलेज में घुसकर एक लफंगे द्वारा राजनीति शास्त्र की छात्रा से सरेआम छेड़खानी की गई। गुरुवार की दोपहर करीब 12:15 बजे यह घटना होने से छात्राओं के शोर मचाने पर गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने लफंगे को पकड़ कर कॉलेज प्रशासन को सौंप दिया। इसके बाद आरोपित को एक कमरे में बंद कर गांधी मैदान थाने की पुलिस को सूचना दी गई। कॉलेज पहुंचने पर कॉलेज प्रशासन की ओर से आरोपित को पुलिस के हवाले कर दिया गया। पकड़ा गया आरोपित दानिश (22) सुल्तानगंज का रहने वाला है। इस मामले में कॉलेज की प्राचार्या शशि शर्मा की ओर से आरोपित के खिलाफ गांधी मैदान थाने में छेड़खानी समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कराया गया है।
छात्रा ने शोर मचाया तो पकड़ा गया
बताया गया है कि पटना सिटी क्षेत्र की एक छात्रा मगध महिला कॉलेज में पढ़ती है। रोज की तरह शुक्रवार की सुबह वह करीब साढ़े 11 बजे अपने घर से कॉलेज के लिए स्कूटी से निकली। पत्थर की मस्जिद के आगे पहुंचने पर स्कूटी सवार युवक ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। मनचला कभी आगे बढ़ता तो कभी पीछे से हॉर्न बजाते हुए उसके करीब आने की कोशिश करता। छात्रा को आभास हुआ कि मनचला गलत नीयत से ही उसका पीछा कर रहा है। ऐसे में वह सुरक्षित स्थान पर पहुंचने का प्रयास करने लगी। कॉलेज नजदीक आने पर छात्रा स्कूटी के साथ गेट के अंदर घुसकर पार्किंग में गई और हड़बड़ाहट में स्कूटी खड़ी कर जाने लगी। तभी आरोपित बेखौफ होकर कॉलेज गेट के अंदर पहुंच गया और हरकत करने की कोशिश शुरू कर दी। इस बीच छात्रा ने पास में मौजूद अपनी सहेलियों से मनचले से बचाने की मदद मांगी। छात्राओं के आगे आने पर मनचला भागने लगा। तभी गेट पर सुरक्षाकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। गांधी मैदान थाना प्रभारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि आरोपित के खिलाफ केस दर्ज कर उससे पूछताछ की जा रही है।
लफंगे को नहीं था खाकी का खौफ
छात्रा का पीछा करने वाले लफंगे को पुलिस का कोई खौफ नहीं था। वह इस कदर छात्रा का पीछा करने में मशगूल था कि उसे कॉलेज गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मियों का कोई डर नहीं रहा। वह बिना कुछ सोचे-बिचारे सुरक्षाकर्मियों को धता बताते हुए कॉलेज गेट के अंदर घुस गया लेकिन छात्रा की सूझबूझ और हिम्मत के चलते सिरफिरा पकड़ लिया गया।
कॉलेज गेट पर थी चार महिला जवान, दो गार्ड, फिर भी घुस गया लफंगा
मगध महिला कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था पर सवालों के घेरे में है। कॉलेज में चार महिला सिपाही सहित दो गार्ड की तैनाती गेट पर रहती है। शुक्रवार दोपहर साढ़े बजे कॉलेज के बगल में जननायक कर्पूरी की जयंती को लेकर पुलिस के जवानों की तैनाती थी। इसके बाद भी लफंगा पुलिस की आंख में धूल झोंकते हुए तेज गति से मोटरसाइकिल चलाते हुए गेट के अंदर तक घुस गया। वह स्कूटी स्टैंड तक पहुंच गया था और छात्रा के साथ बदतमीजी कर रहा था। तब जाकर वहां तैनात पुलिस कर्मियों की नींद टूटी।
कुछ दिन पहले ही एक लड़का आकर किया तमाशा
कॉलेज की छात्राओं के अनुसार दो सप्ताह पहले ही एक लड़का कॉलेज गेट के बाहर आकर हंगामा किया था और तमाशा किया था लेकिन मामला दबा दिया गया। पिछले साल एक छात्रनेता कॉलेज के अंदर घुसकर फोटोकॉपी करने वाले के साथ बदतमीजी कर चुका है।
प्राचार्य प्रोफेसर शशि शर्मा ने बताया कि एक मनचला छात्रा का पीछा कर रहा था। इसके खिलाफ गांधी मैदान थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है। कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर 27 जनवरी को पुलिस पदाधिकारी को पत्र लिखकर सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की मांग करेगी।
सोचा था कॉलेज के अंदर जाते ही सुरक्षित हो जाएगी....
सोचा था कि कॉलेज के अंदर जाते ही वह सुरक्षित हो जाएगी। लेकिन उसे कहां पता था कि लफंगा कॉलेज के अंदर घुस जाएगा। छात्रा ने बताया वह साढ़े ग्यारह बजे घर से निकली थी। गली से निकलकर पत्थर की मस्जिद के पास पहुंची तो महसूस हुआ कि कोई उसका पीछा कर रहा है। पीछा छुड़ाने के लिए वह स्कूटी धीरे कर लेती थी तो लफंगा आगे जाकर रुक कर पीछे देखने लगता। जब वह आगे बढ़ने की कोशिश करती तो पीछे-पीछे रहता। कई बार भीड़ में खुद को छुपाने की कोशिश भी, लेकिन लफंगा आगे फिर दिख जाता। करगिल चौक पर लफंगा अचानक गायब हो गया। वह सुकून महसूस कर रही थी। लेकिन अचानक कॉलेज के अंदर लफंगे को देख सहम गई। वह सहेलियों से मदद मांगने लगी। तब जाकर सभी छात्राओं ने मिलकर गार्ड और सुरक्षा जवानों से बात की।