बिहार
हाजीपुर में बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़, एक की मौत, बाल-बाल बचे डीएसपी
By Deshwani | Publish Date: 25/1/2020 12:21:58 PMहाजीपुर। हाजीपुर के लालगंज में शुक्रवार की देर रात पुलिस और स्कॉर्पियो सवार बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें पुलिस की गोली से एक बदमाश की मौत हो गई और डीएसपी बाल-बाल बचे। पुलिस ने मौके से एक अपराधी को भी गिरफ्तार किया है, जबकि एक भागने में सफल रहा।
जानकारी के मुताबिक देर रात किसी वारदात को अंजाम देने जा रहे स्कॉर्पियो सवार अपराधियों ने पुलिस का गश्ती वाहन देख उसपर फायरिंग करनी शुरू कर दी। पुलिस की ओर से की गई जवाबी कार्रवाई में एक अपराधी ढेर हो गया। मृतक की पहचान बैजू महतो के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना स्थल से दो देसी पिस्टल, तीन कारतूस और खोखा बरामद किया है। घटना के बाद बड़ी संख्या में जवान तैनात कर दिए गए हैं। पुलिस बैजू के एक साथी की तलाश में छापेमारी कर रही है। बताया जाता है कि शुक्रवार की देर रात लालगंज के पास पुलिस गश्ती कर रही थी। इसी दौरान तीनपुलवा चौक के नजदीक एक संदिग्ध स्कॉर्पियो देख पुलिस को शक हुआ। गाड़ी रुकवानी चाही तो अंदर बैठे लोगों ने फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी होते ही अफरातफरी मच गई। स्कॉर्पियो के अंदर तीन संख्या में लोग बैठे थे।
जवाबी हमले में पुलिस के जवानों की ओर से भी गोली चलाई गई। इसमें बैजू महतो नाम के अपराधी को गोली लग गई। वहीं आशुतोष नाम के एक बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक बदमाश फायरिंग करते हुए फरार हो गया। जिसकी पुलिस तलाश कर रही है। घटना के बाद घायल बैजू को पुलिस ने इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गई। बैजू पकड़ी गांव का रहने वाला था। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बैजू का आपराधिक इतिहास रहा है। उसकी कई कांडों में संलिप्तता रही है। पुलिस ने घटना स्थल से भारी मात्रा में हथियार बरामद किए हैं।