बिहार
बिहार के जमुई जिले में पदस्थापित इंस्पेक्टर नंदकिशोर सिंह की ट्रेन की चपेट में आने से मौत
By Deshwani | Publish Date: 26/12/2019 5:03:05 PMजमुई जिले में पदस्थापित पुलिस निरीक्षक नंदकिशोर सिंह की किऊल रेलवे स्टेशन पर एक ट्रेन की चपेट में आ जाने से मृत्यु हो गई। नंदकिशोर सिंह बिहार पुलिस में इंस्पेक्टर के पद पर तैनात थे। मिली जानकारी के अनुसार आज किऊल रेलवे स्टेशन पर उतरने के क्रम में इंस्पेक्टर नंदकिशोर सिंह का पैर फिसल गया और वे ट्रेन की चपेट में आ गए।
बताया गया है कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई है। नंदकिशोर सिंह किउट स्टेशन पर उतर कर लखीसराय जाने वाले थे। खबर मिलते ही उनके परिजनों में कोहराम मच गया। बक्सर के रहने वाले थे पुलिस निरीक्षक नंदकिशोर सिंह।
बिहार पुलिस एसोसिएशन ने पुलिस इंस्पेक्टर की मौत पर शोक जताया है व दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है। जमुई पुलिस एसोसिएशन के अध्यक्ष मृत्यंजय कुमार भी इस हादसे के बाद खुद घटनास्थल पर पहुंच गये। जमुई एसपी ने दिवंगत पुलिस इंस्पेक्टर के शव को पुलिस लाइन लाने की बात कही है जहां उनको गॉर्ड ऑफ ऑनर दिया जायेगा।