बिहार
बिहार में बढ़ते अपराध पर भड़के गिरिराज सिंह, ट्वीट कर कहा- ऐसे नहीं चलेगा
By Deshwani | Publish Date: 29/10/2019 3:46:38 PMपटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज में अपराध चरम पर है। आए दिन अपराधी पुलिस को चुनौती देते हुए बड़ी-बड़ी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैँ। हाल ही में दिवाली के मौके पर बिहार के अलग-अलग जिलों में 7 लोगों की हत्या कर दी गई, जिसमें बेगूसराय की ट्रिपल मर्डर की घटना भी शामिल है। भाजपा के फायरब्रांड नेता गिरिराज सिंह ने ट्वीट कर बिहार में बढ़ते अपराध को लेकर राज्य में अपनी ही पार्टी की गठबंधन सरकार पर निशाना साधा है। गिरिराज सिंह ने एक बार फिर बिहार में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किये हैं।
गिरिराज ने ट्वीट कर लिखा कि बेगूसराय में अपराध चरम पर है। हाल यह है कि एक हत्या पीड़ित से मिलने जाता हूं तबतक दूसरी हत्या हो जाती है, पिछले 72 घंटों में 10 लोगों पर गोली चली है, जिसमें 7 लोगों की मौतें हुई है। उन्होंने कहा कि मचहा, बेगूसराय में हुए हत्याकांड ने बेगूसराय को झकझोर के रख दिया है, उस परिवार से मिलकर उनको सांत्वना दी एवं पुलिस को बाकी बचे परिवार के सदस्यों को सुरक्षा मुहैया कराने के लिए बोला। उन्होंने कहा कि इस तरह से नहीं चलेगा पुलिस के वरीय अधिकारियों से बात करूंगा।
बता दें कि गिरिराज सिंह ने बजलपुरा, तेघड़ा में अपराधियों द्वारा मारे गए सुजित के परिवार से मुलाकात की। इसके बाद वे बेगूसराय में आईओसीएल गेस्ट हाऊस में कार्यकर्ताओं एवं आम जनता से मिले एवं उनकी समस्याओं का समाधान करने का प्रयास किया। गिरिराज ने जिले में बढ़ती आपराधिक घटनाओं के मद्देनजर बेगूसराय के एसपी के साथ बैठक की। एसपी ने आश्वासन दिया है कि इसमें सुधार किया जाएगा।