बिहार
बेखौफ अपराधियों का कहर, घर में घुसकर मां-बेटे की हत्या की, जांच में जुटी पुलिस
By Deshwani | Publish Date: 15/10/2019 12:29:20 PMबेगूसराय। बिहार में अपराधियों ने तांडव मचा रखा है। लोग बाहर तो क्या अपने घरों में भी सुरक्षित नहीं है। बेखौफ अपराधी पुलिस को चुनौती देते हुए अपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला चेरिया बरियारपुर थाना के खांजहांपुर बभनटोली में बीती रात अज्ञात अपराधियों ने घर में घुसकर हथौड़ा एवं धारदार हथियार से मां-बेटे की हत्या कर दी। साथ ही बहू को घायल कर दिया।
मृतकों की पहचान हरेराम की पत्नी उषा देवी और पुत्र मुकेश सिंह के रूप में हुई है। मृतक मुकेश सिंह की पत्नी रत्ना देवी की हालत गंभीर है। पुलिस के मुताबिक छत पर सोया मुकेश सिंह का पुत्र सुबह चार बजे पढ़ाई करने के लिए नीचे आया तो शव देखकर हल्ला मचाया। पड़ोसियों ने रत्ना देवी को नर्सिंग होम पहुंचाकर पुलिस को सूचना दी। बहू का इलाज बेगूसराय सदर अस्पताल में चल रहा है।
उल्लेखनीय है कि बेगूसराय में अपराधों पर काबू पाने के लिए सरकार ने डीआईजी का पदास्थापना किया। इसके बावजूद अपराध पर लगाम नहीं लग पा रही है। चार दिन में सात लोगों की हत्या हो चुकी है।