बिहार
मोतिहारी के हरसिद्धि में बाइक सवार को दो को गोली मारी, एक की मौत, दूसरा घायल
By Deshwani | Publish Date: 12/10/2019 11:00:00 PMमोतिहारी। पूर्वी चम्पारण के हरसिद्धि थाना क्षेत्र में सेवराहा के पास शनिवार की सुबह करीब 9 बजे बाइक सवार अपराधियों ने एक बाइक पर सवार दो युवकों में एक को गोली मार दी और दूसरे युवक पर हेलमेट से वार कर दिया। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मोतिहारी में इलाज के दौरान एक की मौत हो गई। घटना अरेराज-मोतिहारी मुख्य मार्ग पर चड़रहिया पंचायत के सेवराहा मसान माई से पूरब की है।
घायलों में गोली से जख्मी शेख शाहिद हुसैन (32), मलाही थाने के चटिया चिन्तामनपुर निवासी की इलाज के दौरान मौत हो गयी। दूसरा घायल पिंटू तिवारी(30) सिसवा का निवासी है। दोनों मोतिहारी जा रहे थे। अपराधी अपनी पहचान छुपाने के लिए कपडे़ से अपना मुंह बांधे हुए थे। घटना की सूचना पर डीएसपी ज्योति प्रकाश व थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह सशस्त्र बलों के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए और घटना की पूरी जानकारी ली। घटनास्थल से 315 बोर की एक गोली तथा 9 एम एम के दो खोखे बरामद बरामद किये गये हैं।
डीएसपी श्री प्रकाश ने बताया कि उनके नेतृत्व में अपराधियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी की जा रही है। उनके अनुसार इस घटना का कारण आपसी पुराना विवाद है और इसी विवाद में मलाही में एक हत्या हुई थी उसमें मृतक के परिजन आरोपी थे। मृतक के पिता शेख शकील अहमद पर दो जुलाई 2019 को मोतिहारी रघुनाथपुर में गोली चली थी। जिसमें वे बुरी तरह घायल हो गए थे। उसकी प्राथमिकी रघुनाथपुर ओपी में दर्ज हुई थी, जिसके आरोपी जमानत पर हैं। डीएसपी ने बताया कि अपराधी बहुत जल्द पकड़ में आ जाएंगे। उन्होंने बताया कि परिजन के आवेदन पर हरसिद्धि थाने में प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।