बिहार
बुनियादी शिक्षा के दायरे को बढ़ाने की जरूरत: मुख्यमंत्री नीतीश
By Deshwani | Publish Date: 26/9/2019 6:19:57 PMपटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुनियादी शिक्षा के दायरे को बढ़ाने की जरूरत पर बल देते हुए कहा कि बुनियादी शिक्षा का उद्देश्य शिक्षा के साथ-साथ रोजगार की उपलब्धता कराना भी है।
विकास प्रबंधन सोसायटी की छठी बैठक को आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने संबोधित करते हुए कहा कि उनकी सरकार बुनियादी शिक्षा के पुर्नस्थापना के लिए लगतार कार्य कर रही है। वर्तमान संदर्भ में शिक्षा में तकनीक के प्रयोग के महत्व को समझते हुए उस पर भी काम करना होगा। उन्होंने कहा कि बुनियादी शिक्षा की पुर्नस्थापना परियोजना का काम भितिहरवा में बेहतर ढंग से किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बांका उन्नयन कार्यक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि बुनियादी शिक्षा की पुर्नकल्पना परियोजना पर काम कर रही टीम को इस कार्यक्रम का अवलोकन करना चाहिए तथा इसकी जरूरी चीजों को अपनाना चाहिए। इससे बच्चे तकनीक का प्रयोग सीखेंगे और अध्ययन में उनकी रुचि भी बढ़ेगी। बुनियादी शिक्षा के दायरे को विस्तृत करने की जरूरत है। इसमें अब आठवें वर्ग तक के बच्चों को पढ़ाने की व्यवस्था करनी चाहिए।