बिहार
संपर्क टूटा है हौसला नहीं, असली लीडर हैं प्रधानमंत्री मोदी: रामविलास
By Deshwani | Publish Date: 7/9/2019 4:20:28 PMपटना। केंद्रीय खाद्य और उपभोक्ता मंत्री राम विलास पासवान ने आज इसरो प्रमुख के. सिवन के साथ प्रधानमंत्री के भावुक पल का एक वीडियो क्लिप साझा करते कहा है कि संपर्क टूटा है, हौसला नहीं। हमें पूरा विश्वास है कि हम अपना लक्ष्य हासिल करेंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री को 'असली लीडर' बताया।
रामविलास पासवान ने कहा कि जो मुश्किल घड़ी में भी अपनी टीम के साथ मजबूती से खड़ा रहे और उसका हौसला बढ़ाये, सही मायने में वही असली लीडर होता है। उन्होंने कहा कि देश की 130 करोड़ जनता को अपने वैज्ञानिकों पर गर्व है और पूरा विश्वास है कि आप अपनी मंजिल हासिल करेंगे और पूरी मजबूती के साथ भविष्य के अभियानों को जारी रखेंगे।
उन्होंने कहा कि हमें आगे बढ़ते रहना है। संपर्क टूटा है, हौसला नहीं। हमें पूरा विश्वास है कि हम अपना लक्ष्य हासिल करेंगे। उन्होंने कहा कि हमारे वैज्ञानिकों ने आज जो हासिल किया है, वह काफी बड़ी उपलब्धि है। पूरे देश को आप पर गर्व है।