बिहार
सुषमा स्वराज को याद कर रो पड़ीं भाजपा सांसद रमा देवी, कहा-जब तक मेरी सांस है, उनसे जुड़ी रहूंगी
By Deshwani | Publish Date: 7/8/2019 1:36:20 PMनई दिल्ली/शिवहर। पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के निधन पर शिवहर से भाजपा सांसद रमा देवी बेहद भावुक हो गई और उनको याद कर फफक-फफककर रो पड़ीं।
रमा देवी ने कहा कि जब तक मेरी सांस है, तब तक मैं उनसे जुड़ी रहूंगी। वह यह धरती छोड़कर गई हैं लेकिन अच्छी जगह पर ही रहेंगी। उन्होंने कहा कि वह हम सांसदों को शिक्षा देती रहती थीं। वह सबकी काफी मदद करती थीं जिसका वर्णन करना असंभव है। इसके अतिरिक्त उन्होंने कहा कि उनका स्वभाव दूसरों का कल्याण करने का था। वह खासकर महिलाओं से काफी स्नेह करती थीं। वह जो भी काम करती थीं, बड़े ही आत्मविश्वास से करती थीं।
बता दें कि मंगलवार की रात दिल का दौरा पड़ने से सुषमा स्वराज का दिल्ली के एम्स में निधन हुआ। इसके बाद जंतर-मंतर स्थित उनके निवास पर सुबह 8 बजे से 10:30 बजे तक पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। अब उनका पार्थिव शरीर भाजपा कार्यालय लाया गया है। जहां तीन बजे तक अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। इसके बाद लोधी रोड स्थित शमशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार होगा।