बिहार
सुषमा स्वराज के निधन पर मुख्यमंत्री नीतीश और राज्यपाल फागू चौहान ने व्यक्त किया शोक
By Deshwani | Publish Date: 7/8/2019 1:08:25 PMपटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राज्यपाल फागू चौहान ने भाजपा की वरिष्ठ नेत्री और पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि श्रीमती सुषमा स्वराज एक प्रखर वक्ता, ओजस्वी एवं कुशल नेत्री के साथ-साथ विलक्षण प्रतिभा की धनी थी। देश हित एवं लोक-कल्याण के क्षेत्र में उनके द्वारा किए गए कार्यों को देश हमेशा याद रखेगा।
मुख्यमंत्री नीतीश ने कहा कि अचानक उनके निधन की खबर मिलने से पूरा देश शोकाकुल है और व्यक्तिगत तौर पर वह खुद भी काफी मर्माहत हैं। उन्होंने कहा कि उनके निधन से देश को अपूरणीय क्षति हुई। उनकी कमी हमेशा खलेगी। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और उनके परिजनों को धैर्य धारण की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।
प्रदेश के राज्यपाल फागू चौहान ने पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के आकस्मिक निधन पर अपनी गहरी शोक-संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि भारत ने एक महान विदूषी, राष्ट्रभक्त, अत्यंत लोकप्रिय और मानवीय संवेदना से परिपूर्ण राजनेत्री को खो दिया है। उनके प्रशंसक सभी दलों में थे। वे करोड़ों भारतीयों की प्रेरणास्रोत रहीं। उनके निधन से राष्ट्र को अपूरणीय क्षति हुई है। चौहान ने दिवंगत आत्मा की चिरशांति और उनके परिजनों तथा प्रशंसकों को धैर्य-धारण की क्षमता प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।