बिहार
दानापुर में दोहरे मर्डर से सहमा इलाका, मां-बेटी के चाकू से गोद कर हत्या, जांच में जुटी पुलिस
By Deshwani | Publish Date: 27/7/2019 11:34:08 AMपटना। राजधानी से सटे दानापुर में आज सुबह डबल मर्डर से इलाके में सनसनी फैल गयी। बदमाशों ने मां-बेटी के हाथ-पैर बांध कर चाकू से गोद कर हत्या कर दी और फरार हो गये। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच में जुट गयी है।
खबरों के मुताबिक, दानापुर के अखाड़ा रोड स्थित गवताल इलाके में करीब 45 वर्षीया सीमा देवी और उनकी 22 वर्षीया बेटी तिलोत्मा की चाकू से गोद कर हत्या कर दी गयी। बदमाशों ने घटना को अंजाम देने के पहले दोनों के हाथ-पैर बांध दिये थे। घटना की सूचना लोगों को तब हुई जब महिला का बेटा आज सुबह रांची से दानापुर अपने घर पहुंचा। बताया जाता है कि परिजनों से दो दिनों से बात नहीं हो पा रही थी। किसी अनहोनी की आशंका के मद्देनजर वह सुबह दानापुर पहुंचा, तो घर में मां और बहन का खून से लथपथ शव पड़ा देखा। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गयी।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में ले लिया और जांच में जुट गयी। घटना के संबंध में पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही हत्या के कारणों का खुलासा हो पायेगा। वहीं, घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि सीमा देवी के पति व तिलोत्मा के पिता रामधारी सिंह परिवार के साथ नहीं रहते थे। उनका परिजनों के साथ संबंध ठीक नहीं था। घटना के बाद से वह लापता बताये जा रहे हैं।