बिहार
मॉनसून सत्र: सदन में भिड़े आरजेडी और बीजेपी के विधायक, कार्यवाही दो बजे तक स्थगित
By Deshwani | Publish Date: 17/7/2019 2:41:03 PMपटना। बिहार विधानमंडल के मॉनसून सत्र के 14वें दिन भी विपक्ष ने सदन के बाहर और अंदर जमकर हंगामा किया। विधानसभा के बाहर आरजेडी सदस्यों ने बाढ़ पीड़ितों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए सरकार के खिलाफ की नारेबाजी की। वहीं, विधान परिषद के बाहर पूर्व मुख्यमंत्री व नेता विरोधी दल राबड़ी देवी के नेतृत्व में पार्टी सदस्यों ने बाढ़ को लेकर हंगामा किया और नारेबाजी की।
विधान परिषद के बाहर आरजेडी सदस्यों ने आज हंगामा करते हुए नारेबाजी की। पूर्व मुख्यमंत्री व नेता विरोधी दल राबड़ी देवी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग की। साथ ही उन्होंने बाढ़ को लेकर सरकार पर आरोप लगाया कि सरकार की घोषणा हवा-हवाई है। उन्होंने बाढ़ पीड़ितों को हर तरह की सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।
वहीं, बिहार विधानसभा में सदन की कार्यवाही शुरू होते ही बीजेपी और आरजेडी सदस्यों के बीच जमकर भिड़ंत हो गयी। इसके बाद सदन की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गयी। सदन की कार्यवाही शुरू होने पर प्रश्नकाल की कार्यवाही चल रही थी। लघु जल संसाधन विभाग से जुड़े सवाल पर मंत्री नरेंद्र नारायण यादव जवाब दे रहे थे। इसी बीच, मंत्री को बिहार विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी बताने लगे कि उत्तर देते समय खंड का जिक्र कैसे किया जाता है। इसी बीच, आरजेडी नेता भाई वीरेंद्र ने बीच में टोक दिया। इसके बाद बीजेपी विधायक नीरज ने टिप्पणी कर दी। दोनों नेताओं के बीच शुरू हुई जुबानी जंग तू-तू, मैं-मैं पर आ गयी, फिर दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को बाहर देख लेने की बात तक कह डाले। दोनों नेताओं के बीच हंगामा थमता नहीं देख बिहार विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी।