बिहार
मुजफ्फरपुर में राजद के 2 नेताओं को अपराधियों ने मारी गोली, हालत गंभीर
By Deshwani | Publish Date: 14/6/2019 1:19:02 PMमुजफ्फरपुर। कांटी थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड पर बीती रात राजद नेता सुरेंद्र राय व उमाशंकर राय को बाइक सवार अपराधियों ने गोली मार दी। दोनों को गंभीर अवस्था में इलाज के लिए बैरिया के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चार गोली लगने से उमाशंकर की हालत गंभीर बनी हुई है, वही सुरेंद्र राय को एक गोली लगी है।
बताया जाता है कि दोनों कांटी नगर पंचायत के वार्ड चार के रहने वाले है। गुरुवार की रात एक ही बाइक पर दोनों सवार होकर बलहा गांव में राजद नेता उमेश राय के यहां उनकी बेटी की शादी में शामिल होने गये थे। दोनों भोज खाकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान शेरना पुल के पास बाइक सवार दो अपराधियों उन्हें घेरने का प्रयास किया। इसी बीच बाइक चला रहे सुरेंद्र तेजी से बाइक लेकर भागने का प्रयास किया। इस पर अपराधी ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगे।
इस हमले में घायल दोनों आरजेडी कार्यकर्ताओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह हमला किसने किया और क्यों किया इसकी जानकारी फिलहाल नहीं मिल पाई है। मुजफ्फरपुर के डीएसपी मुकुल रंजन ने बताया कि दोनों घायलों की हालत स्थिर है और मामले की जांच की जा रही है।
बता दें कि इससे पहले 30 मई को भी बिहार से एक राजनीतिक हिंसा का मामला सामने आया था। बेगूसराय में बीजेपी के ग्राम पंचायत अध्यक्ष की कुछ अज्ञात हमलावरों ने हत्या कर दी थी।