बिहार
जदयू कार्यकारिणी की बैठक नौ जून को, गठबंधन पर नीतीश ले सकते हैं बड़ा फैसला
By Deshwani | Publish Date: 4/6/2019 4:14:15 PMपटना। जदयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक नौ जून को पटना में होंगी। केंद्र की भाजपा नीत राजग सरकार में जदयू द्वारा एक मंत्री के 'सांकेतिक प्रतिनिधित्व' की पेशकश ठुकराने के बाद यह बैठक होने वाली है।
जदयू प्रवक्ता केसी त्यागी ने कहा कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक इसलिए हो रही है कि चुनाव आयोग के निर्देश के मुताबिक सांगठनिक चुनावां एवं अन्य प्रक्रियाओं को अक्टूबर तक पूरा करना है। उन्होंने कहा कि इसे ज्यादा राजनीतिक दृष्टिकोण से नहीं देखा जाना चाहिए। त्यागी ने कहा कि उनकी पार्टी भाजपा नीत राजग का हिस्सा है और आगे भी रहेगी।
ज्ञात हो कि मोदी सरकार के कैबिनेट में सहयोगी दल से एक-एक मंत्री बनाए जाने के प्रस्ताव को नीतीश कुमार ने नामंजूर कर दिया था। इसके बाद नीतीश कुमार ने 2 जून को 8 मंत्रियों को शपथ दिलाते हुए अपनी कैबिनेट का विस्तार किया। इन आठ मंत्रियों में भाजपा का कोई भी मंत्री शामिल नहीं था।
हालांकि नीतीश कुमार ने अपने सहयोगी दल के साथ किसी भी तरह के मतभेद से इनकार किया है। वहीं भाजपा नेता व राज्य के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने ट्वीट कर कहा था कि नीतीश कुमार ने भाजपा को मंत्रिमंडल में शामिल होने का ऑफर दिया है। भाजपा इस पर बाद में फैसला लेगी।