बिहार
दिल्ली में जदयू संसदीय दल की अहम बैठक आज, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी लेंगे भाग
By Deshwani | Publish Date: 29/5/2019 11:12:00 AMपटना। जदयू संसदीय दल की आज दिल्ली में होने वाली बैठक में मुख्यमंत्री सह पार्टी के अध्यक्ष नीतीश कुमार भी शामिल होंगे। शाम पांच बजे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कामराज रोड स्थित आवास पर आयोजित राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में बिहार में लोकसभा चुनाव की समीक्षा होगी। 30 मई को नरेंद्र मोदी की अगुआई में बन रही नयी सरकार में शामिल होने के बारे में भी औपचारिक तौर पर फैसला लिया जायेगा। साथ ही अरुणाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में जदयू को मिली जीत की भी समीक्षा की जायेगी। पार्टी बिहार की जीत की तरह ही अरुणाचल प्रदेश की जीत को देख रही है, जहां 60 सदस्यीय विधानसभा में जदयू के आठ विधायक जीते हैं।
पार्टी के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव केसी त्यागी ने बताया कि इस साल और अगले साल जम्मू-कश्मीर और झारखंड में विधानसभा चुनाव होने हैं। जदयू इन दोनों राज्यों के अलावा अन्य प्रदेशों में भी विधानसभा चुनावों में उम्मीदवार खड़ा करेगा।
समीक्षा बैठक में जदयू को राष्ट्रीय पार्टी की हैसियत में आने के लिए आगे की रणनीति तय करने के बारे में भी विचार विमर्श होगा। पार्टी को जल्द ही राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा मिल सकता है। बैठक में पार्टी को कहां-कहां विस्तार दिया जा सकता है, इस संबंध में भी चर्चा होगी। बैठक में भाग लेने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज सुबह दिल्ली पहुंचेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी के शपथ ग्रहण से ठीक एक दिन पहले हो रही है ये बैठक कई मायनों में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। सूत्रों के अनुसार मोदी सरकार में जेडीयू के हिस्से में दो सीटें आ रही हैं। इनमें एक केंद्रीय मंत्री और एक केंद्रीय राज्य मंत्री।
ज्ञात हो कि बिहार में बीजेपी, जेडीयू और लोजपा साथ मिलकर सभी 40 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ी थी। 40 में से 39 सीटों पर एनडीए गठबंधन ने जीत दर्ज की है। बीजेपी 17, जेडीयू 16 और लोजपा ने सभी 6 सीटों पर जीत दर्ज की है।