बिहार
नवादा में प्रेमी युगल की थाना प्रभारी ने थाना परिसर में ही धूमधाम से कराई शादी
By Deshwani | Publish Date: 24/4/2019 12:02:35 PM नवादा। जिले के नारदिगंज थाने में उस समय लोगों की भीड़ लग गई जब एक प्रेमी युगल शादी करने पहुंचे। मामला समझ पुलिस वाले ने भी अपना फर्ज अदा किया और थाना प्रांगण में ही स्थित मंदिर में प्रेमी युगल की शादी करा दी।
बताया जाता है कि झारखंड के हजारीबाग के सोनवर्षा निवासी जोधी ठाकुर के पुत्र कृष्णा ठाकुर और नवादा के नारदीगंज के गोतरायन निवासी उमेश ठाकुर की पुत्री के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों की मुलाकात दो वर्ष पूर्व एक शादी समारोह में हुई थी, जिसके बाद से दोनों एक दूसरे के कांटेक्ट में लगातार बने हुए थे।
पहले तो प्रेमी युगल ने इसकी जानकारी अपने परिजनों को दी पर परिजन शादी करने से साफ मुकर गए। अंत में दोनों ने पुलिस का सहारा लेकर शादी करने का विचार किया और दोनों नदिरगंज थाना पहुंचे। दोनों ने थानाध्यक्ष दीपक कुमार राव को पूरी बात बताई। थानाध्यक्ष ने लड़का और लड़की दोनों के परिजन से बात की और समझा बुझाकर शादी के लिए राजी करवाया।
उसके बाद सारी व्यवस्था कर मंगलवार की रात साढ़े नौ बजे थाना के प्रांगण में हनुमान जी के मंदिर में दोनों की शादी करवाई गई।